फिर भरोसा कायम, ऑफिसर सिटी-2 में गौरव सोनी की टीम ने फिर बाजी

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 में हुए एओए चुनाव में सोसायटी के रेजिडेंट्स ने एक बार फिर पूर्व अध्यक्ष गौरव सोनी और उनकी टीम पर भरोसा जताया है। रविवार को घोषित परिणामों में गौरव सोनी सबसे ज्यादा वोट हासिल कर शीर्ष पर रहे, जिससे साफ हो गया कि निवासियों ने निरंतरता और पुराने नेतृत्व को ही प्राथमिकता दी है।

कड़े मुकाबले में पुरानी टीम आगे

चुनाव में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से टॉप-10 को चुना गया। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। कुल 400 मतपत्रों में से 308 का इस्तेमाल हुआ, जबकि 92 मतपत्र शेष रहे। परिणामों में गौरव सोनी ने 264.18 वोट के साथ पहला स्थान हासिल किया। उनके बाद अनिल कुमार (262.05) और चारू त्यागी (259.87) दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

टॉप-10 में टीम का दबदबा

नतीजों में यह भी साफ दिखा कि गौरव सोनी की टीम के अधिकांश सदस्य टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रहे। विशाल सिसौली (259.54), सत्यदेव सिंह (258.20), श्वेता कपरवान (257.59), सुशील कुमार त्यागी (255.35), विनोद कुमार (250.54), मुकेश कुमार जैन (248.76) और अनिल कुमार वर्मा (241.19) ने भी जीत दर्ज की। इससे पूरी टीम की मजबूत पकड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।

रेजिडेंट्स ने दिखाई स्थिरता 

चुनाव परिणामों को लेकर सोसायटी में यह चर्चा रही कि रेजिडेंट्स ने बदलाव के बजाय स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दी है। पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों और टीम के तालमेल को देखते हुए लोगों ने फिर से उसी नेतृत्व पर भरोसा जताया।

आधिकारिक घोषणा के साथ तस्वीर साफ

नामित निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया ने सभी विजेताओं को आधिकारिक रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया। चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संपन्न होने के साथ ही अब नई टीम से सोसायटी के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ