एक्सप्रेसवे पर मौत की रफ्तार: खड़ी थार में घुसी ट्रैवलर, तीन की गई जान

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र में आज सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। IPEM कॉलेज एग्जिट के पास तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने सड़क किनारे खड़ी थार और उसके पास खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा

सुबह करीब पांच बजे IPEM कॉलेज के एग्जिट प्वाइंट के पास थार गाड़ी खड़ी थी। उसमें सवार दो युवक नीचे उतरकर एक बाइक सवार से बात कर रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैवलर बस अनियंत्रित हो गई और तीनों को टक्कर मारते हुए थार में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार पलट गई और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त थार और ट्रैवलर

तीन युवकों की मौत

हादसे में थार सवार एक युवक और बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य युवक को गंभीर हालत में MMG जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतकों में बाबरपुर निवासी नवीन कुमार वर्मा की पहचान हो सकी है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त अभी बाकी है। बस में सवार सात लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

लगा जाम, मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क के बीचों-बीच फंसे रहे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।
क्रेन की मदद से ट्रैवलर हटाते हुए

चालक फरार, जांच जारी

सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रैवलर चालक मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ