गृहकर बढ़ोतरी के खिलाफ अवधेश शर्मा का अनोखा प्रदर्शन, आधी दाढ़ी-मूंछ मुंडवाकर जताया विरोध

हाउस टैक्स के विरोध में आधी दाढ़ी-मूंछ कटवाते अवधेश 
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। नगर निगम के खिलाफ शहर में विरोध का नया तरीका सामने आया। उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा ने 'आर्थिक शोषण' और 'तानाशाही' के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर आधी दाढ़ी-मूंछ मुंडवाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। अवधेश शर्मा ने ऐलान किया कि नाजायज गृहकर वृद्धि के खिलाफ अब शहरवासियों के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने मांग रखी कि हर दो वर्ष में सिर्फ दस प्रतिशत की पारदर्शी वृद्धि ही स्वीकार्य है।

प्रस्तावित दरें लागू करना बताया अवैध

अवधेश शर्मा ने आरोप लगाया कि 10 अप्रैल 2026 को विशेष सचिव के पत्र को आधार बनाकर नगरायुक्त, मेयर और मुरादनगर विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 10-15% दर वृद्धि की घोषणा की थी। अवधेश शर्मा का कहना है कि पत्र में साफ लिखा है कि ये दरें 'प्रस्तावित' हैं, यानी बिना बोर्ड की सहमति के गृहकर में कोई बदलाव नहीं हो सकता। उनके मुताबिक प्रस्तावित दर को लागू करना सरासर गलत और न्याय संगत नहीं है। अवधेश शर्मा ने याद दिलाया कि 30 जून 2025 को सभी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गृहकर वृद्धि निरस्त हो चुकी थी, जिसे लागू न कर पाना साबित करता है कि जनप्रतिनिधि और नगरायुक्त जनता के हितैषी नहीं, विरोधी हैं।
आधी दाढ़ी मूंछ के साथ अवधेश शर्मा

ब्याज माफी और एरियर पर वार

अवधेश शर्मा ने सवाल उठाया कि नगरायुक्त ने 12.5% ब्याज दर माफ करने का अधिकार कहां से ले लिया, जबकि दण्ड माफ करने का अधिकार मुख्यमंत्री को भी नहीं है, यह सिर्फ राज्यपाल के क्षेत्र में आता है। अवधेश शर्मा ने आशंका जताई कि नगर निगम आज नहीं तो कल जनता से ही इसकी वसूली करेगा। उन्होंने बताया कि पहले बढ़ोतरी 2025 से लागू थी, अब विशेष सचिव का पत्र 2024 से प्रस्तावित है। अवधेश शर्मा का आरोप है कि इससे जिन लोगों ने बिना विवाद हाउसटैक्स जमा कर दिया, उन्हें भी एरियर चुकाना पड़ेगा।

92% छूट का चार्ट बना पहेली

अवधेश शर्मा ने नगर निगम के 'छूट के लॉलीपॉप' पर भी हमला बोला। उनके अनुसार नगर आयुक्त ने कुछ पार्षदों को चार्ट दिखाकर समझाया कि 92% छूट से बिल में सिर्फ 10-20% वृद्धि होगी। अवधेश शर्मा का आरोप है कि पार्षदों को तो चार्ट फटाफट समझ आ गया और वे कमीशन के लालच में समझाने लगे, मगर टैक्स विशेषज्ञ अधिकारियों को ही समझ नहीं आ रहा और उन्हें ट्रेनिंग दी जा रही है। अवधेश शर्मा ने तंज कसा कि जब अधिकारी ही नहीं समझ पा रहे तो भोली जनता क्या समझेगी। उन्होंने कहा कि इससे भ्रष्टाचार की गुंजाइश बढ़ेगी और कुल मिलाकर सब गोलमाल है।
विरोध जताते शहर के व्यापारी

प्रदर्शन में जुटे व्यापारी

अवधेश शर्मा की अगुवाई में हुए इस आधी दाढ़ी-मूंछ मुंडन कार्यक्रम में व्यापार मण्डल के महामंत्री रामगोपाल, दिनेश जमदग्नि, गौरव शर्मा, अमित गुप्ता, मनोज गौड़, कपिल सक्सेना, तिलकराज अरोड़ा, आर के गोयल, आर के आर्य, रिटायर्ड डीएसपी पी एन सिंह, संजीव अग्रवाल, मनजीत सिंह, संतोष शर्मा, दिनेश गर्ग, राजकुमार त्यागी, अवस्थी जी और शुभम शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।



टिप्पणियाँ