निगम की नाक के नीचे ठेकेदारों का खेल, हैंडपंप का सामान चोरी से लेकर अवैध कनेक्शन के नाम पर उगाही

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। नगर निगम में ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। सिटी जोन प्रथम में तैनात पंप चालक/कार्यवाहक सुपरवाइजर अखिलेश कुमार ने पूर्व में महाप्रबंधक (जल) को लिखित शिकायत दी गई थी कि ठेकेदार के लोग एक ओर पुराने हैंडपंपों का सामान चोरी कर कबाड़ी को बेच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिना निगम की अनुमति के जमीन काटकर अवैध पानी कनेक्शन देकर खुलेआम उगाही कर रहे हैं। बावजूद इसके आज तक दोषी ठेकेदार और निगम सुपरवाइजर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। 

हैंडपंप का सामान बेचा

शिकायत में निगमकर्मी अखिलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने काफी पहले जीएम जलाल को शिकायत दी थी कि सिटी जोन प्रथम में काम कर रही लेबर पुराने हैंडपंपों का सामान निकालकर बेच रही है। इस पूरे मामले के फोटो भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए थे। आरोप था कि सरकारी संपत्ति को निजी लाभ के लिए बेचा जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर आज तक भी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
कबाड़ी की दुकान पर बेचे गए हैंडपंप के पाइप

जमीन काटकर कनेक्शन

वहीं दूसरी शिकायत में दीपक नामक व्यक्ति ने बताया कि गांधी नगर क्षेत्र में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के सड़क काटकर पानी के कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसके लिए लोगों से मोटी रकम वसूली जा रही है। शिकायत के मुताबिक, कनेक्शन देने के नाम पर  12-12 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं।

उगाही का खुला खेल

दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार के लोग खुद को अधिकारी बताकर लोगों पर दबाव बनाते हैं और कनेक्शन के नाम पर पैसे ऐंठते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो अवैध कनेक्शन रोके गए और न ही वसूली पर कोई लगाम लगी है।
अवैध रूप से सड़क काटता ठेकेदार का आदमी

अधिकारी बने मूकदर्शक

दोनों शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस पूरे मामले की शिकायत कई बार जीएम जलकल से की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर नगर निगम की नाक के नीचे यह अवैध खेल कब तक चलता रहेगा और जिम्मेदारों पर कब कार्रवाई होगी। इस संबंध में जब जीएम जलकल से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ