गौर कैस्केड में ‘फाइनल फाइट’ तय, नवोदय vs संकल्प के 20 प्रत्याशी मैदान में

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गौर कैस्केड सोसायटी की चुनावी जंग अब पूरी तरह खुलकर सामने आ गई है। स्क्रूटनी के बाद जारी फाइनल सूची ने तस्वीर साफ कर दी है। अब मुकाबला सीधा नवोदय बनाम संकल्प है, और फैसला 19 अप्रैल को वोटिंग के जरिए होगा।

स्क्रूटनी के बाद तस्वीर साफ

चुनाव समिति के अनुसार 5 अप्रैल को कुल 22 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद बचे 20 नामांकन पत्रों की 8 अप्रैल को जांच की गई, जिसमें सभी 20 उम्मीदवार वैध पाए गए। इसके साथ ही फाइनल प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है और चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह तय हो गया है।

नवोदय टीम के उम्मीदवार

मौजूदा बोर्ड चला रही टीम नवोदय एक बार फिर पूरे दमखम के साथ मैदान में है। फाइनल सूची में नवोदय टीम के उम्मीदवारों में पुनीत गोयल, दीपक शर्मा, मंजूषा गोयल, देवेंद्र जैन, राघव रस्तोगी, नितिन कुमार, नीरज सिंह, सचिन तेवतिया, गौरव भाटिया और अंकित तायल शामिल हैं। टीम अपने पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों को ही चुनावी मुद्दा बनाकर जनता के बीच पहुंच रही है।

टीम संकल्प  की चुनौती

दूसरी ओर टीम संकल्प भी मजबूत दावेदारी के साथ मुकाबले में है। टीम के प्रत्याशियों में अशोक कुमार नरवाल, अनुज कुमार राठी, विनोद तेजवानी, ऋषि विज, संजीव कुमार मलिक, अमित तेहरान, वंदना शर्मा, विवेक कुमार कौशिक, निधि शर्मा और मोहित राठी शामिल हैं। पहले से एओए में मौजूद सदस्य होने के चलते टीम संकल्प इस बार बदलाव के एजेंडे के साथ मैदान में उतरी है।

आरोप-प्रत्यारोप के बीच चुनाव

चुनावी माहौल के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हैं। टीम संकल्प पहले ही चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा चुकी है, जबकि नवोदय टीम इन आरोपों को निराधार बता रही है। दोनों पक्षों के बीच यह सियासी खींचतान अब सीधे वोटिंग तक पहुंच चुकी है।

19 अप्रैल को फैसला

चुनाव समिति के मुताबिक 19 अप्रैल (रविवार) को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद ही तय होगा कि सोसायटी की कमान एक बार फिर नवोदय के हाथ में जाएगी या संकल्प टीम सत्ता परिवर्तन कर पाएगी। फिलहाल गौर कैस्केड में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म है और हर निवासी की नजर अब वोटिंग डे पर टिकी है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव दें।

टिप्पणियाँ