गौर कैस्केड में सियासी ‘वॉर’, नवोदय vs संकल्प आमने-सामने… चुनावी जंग का शंखनाद

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। लंबे समय से विवादों में घिरी राजनगर एक्सटेंशन की गौर कैस्केड सोसायटी में आखिरकार चुनावी बिगुल बज ही गया। रविवार को टीम नवोदय और टीम संकल्प ने अपने-अपने 11-11 प्रत्याशियों के साथ मैदान में उतरकर मुकाबले को सीधा कर दिया है। अब निगाहें 8 अप्रैल को जारी होने वाली फाइनल सूची और 19 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिक गई हैं।

नामांकन में शक्ति प्रदर्शन

5 अप्रैल को नामांकन के दौरान दोनों ही टीमों ने ताकत दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। टीम नवोदय के प्रत्याशी बड़ी संख्या में निवासियों के साथ पहुंचे, जहां माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। नामांकन से पहले प्रत्याशी राधा कृष्ण मंदिर पहुंचे और आशीर्वाद लेकर चुनावी रण में उतरे। यह शक्ति प्रदर्शन साफ संकेत दे रहा है कि मुकाबला इस बार सीधा और कांटे का होने वाला है।
टीम नवोदय के प्रत्याशी

नवोदय ने गिनाए काम

मौजूदा बोर्ड नवोदय टीम के पास है, ऐसे में टीम ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों को ही सबसे बड़ा मुद्दा बनाया है। सोसायटी में सुविधाओं के विस्तार, व्यवस्थाओं में सुधार और विकास कार्यों को लेकर टीम ने निवासियों का समर्थन मिलने का दावा किया। नवोदय के 11 प्रत्याशियों में दीपक शर्मा, अखिल अग्रवाल, पुनीत गोयल, मंजूषा गोयल, देवेंद्र जैन, राघव रस्तोगी, नितिन गुप्ता, नीरज राठी, गौरव भाटिया, सचिन तेवतिया और अंकित तायल शामिल हैं।

पहले आरोप अब चुनावी मैदान में

इस चुनाव में हैरत की बात ये देखने को मिल रही है कि अब तक सोसायटी सचिव की सदस्यता और एओए को लेकर लगातार शिकायत करने वाली टीम संकल्प खुद भी चुनाव में कूद पड़ी है। टीम संकल्प से निधि शर्मा, अशोक कुमार नरवाल, ऋषि विज, अनुज राठी, संजीव मलिक, मोहित राठी, विनोद तेजवानी, विवेक कौशिक, वंदना शर्मा, अमित तेहरान और दिवाकर झा ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि टीम संकल्प के अजय कुमार राठी अब भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि ये चुनाव तमाम नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि प्रशासनिक देरी से सोसायटी को नुकसान न हो, इसलिए चुनाव लड़ना जरूरी है।

आरोप-प्रत्यारोप तेज

चुनावी माहौल के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। एओए सचिव और नवोदय टीम के पुनीत गोयल ने पलटवार करते हुए कहा कि टीम संकल्प का चुनाव मैदान में उतरना ही इस बात का सबूत है कि उनके पहले लगाए गए आरोप बेबुनियाद थे। उन्होंने इसे छवि खराब करने की कोशिश बताया।

आगे की प्रक्रिया तय

फिलहाल सभी नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है। 8 अप्रैल को अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी, जबकि 19 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव समिति की कमान मुख्य चुनाव अधिकारी देवेंद्र नारंग के हाथ में है, जिनके साथ संजीव कुमार और श्याम बाबू कुलश्रेष्ठ सदस्य के रूप में जुड़े हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव दें।

टिप्पणियाँ