गाजियाबाद में बड़ी वारदात, बदमाश एटीएम में कैश डालने पहुंची वैन लूटकर फरार, घेराबंदी में खाली गाड़ी बरामद, नगदी गायब

लूट की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बुधवार दोपहर खुलेआम बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एटीएम में कैश डालने पहुंची वैन को बदमाशों ने निशाना बनाया और हथियार के दम पर कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह सब दिनदहाड़े हुआ और बदमाश आराम से कैश लेकर निकल गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर वैन तो बरामद कर ली, लेकिन उसमें रखा पूरा कैश गायब मिला, जिससे साफ है कि आरोपी बड़ी रकम लेकर भागे हैं।
इसी एटीएम के बाहर से लूटी वैन 
पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रान्स हिंडन जोन धवल जायसवाल ने बताया कि निजी वित्तीय संस्था एवन इंडिया की कैश वैन दोपहर करीब एक बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के एक एटीएम में नकदी डालने पहुंची थी। जब वैनकर्मी एटीएम में कैश डालने के लिए गए तो इसी दौरान बदमाश मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को अकेला पाकर उसे धमकाया और हथियार दिखाकर कैश वैन लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर जांच करतीं एसएचओ
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई और प्रमुख रास्तों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही समय बाद लूटी गई कैश वैन मसूरी थाना क्षेत्र से बरामद कर ली गई, लेकिन उसमें रखा कैश गायब मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वैन में कुल कितनी नकदी थी और कितनी रकम पहले ही एटीएम में जमा की जा चुकी थी। इसके लिए संबंधित संस्था से रिकॉर्ड मंगवाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में रकम को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी है।
डीसीपी जायसवाल ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं, कैश वैन के कर्मचारियों और ड्राइवर से भी गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। उन्होंने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ