कैश वैन लूटकांड का मास्टरमाइंड इनामी बदमाश जुबेर और उसका साथी समीर एनकाउंटर में ढेर, तीन पुलिसकर्मी भी घायल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। छह मई को NH-9 पर कृष्णानगर बागू के पास हुई कैश वैन लूटकांड के बाद फरार चल रहे बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार रात बड़ा एक्शन लिया। वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक-एक लाख के इनामी बदमाश जुबैर और समीर मारे गए। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। यह गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ के कार्यकाल का छठा फुल एनकाउंटर है।

फायरिंग कर लूटी थी कैश वैन

6 मई को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में निजी कंपनी के एटीएम के बाहर बदमाशों ने फायरिंग कर कैश वैन लूट ली थी। वारदात को छह बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए माता कॉलोनी निवासी रिजवान और प्रताप विहार निवासी मो. कैफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दोनों के कब्जे से 8.06 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल कार और औजार बरामद किए गए थे।

इनामी बदमाशों की मिली थी लोकेशन

पूछताछ में चार अन्य बदमाशों के नाम सामने आए थे, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि चारों इनामी बदमाश वेव सिटी थाना क्षेत्र में स्विफ्ट कार से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी धवल जायसवाल, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत, थाना सिहानी गेट प्रभारी कुलदीप दीक्षित और वेव सिटी एसओ मानवेंद्र सिंह की टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी।

20 राउंड फायरिंग

पुलिस के मुताबिक रात करीब साढ़े नौ बजे बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस से बचकर भागने के दौरान बदमाशों की स्विफ्ट कार पेड़ से टकरा गई, लेकिन इसके बाद भी दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में जुबैर और समीर गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग रुकने के बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से हायर सेंटर रेफर करने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

कार से बरामद हुआ कैश, दो आरोपी फरार

पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने बताया कि बदमाशों की कार से मिले बैगों में करीब 9 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस अब मारे गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। वहीं फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ