यूनिनव हाइट्स में ‘ऑपरेशन सेफ्टी’, बालकनी के गमले बने खतरा तो एओए उतरी मैदान में

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की यूनिनव हाइट्स सोसायटी में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए एओए ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। बालकनी और रेलिंग पर रखे असुरक्षित गमलों को हटवाने के लिए विशेष ड्राइव चलाई गई। हाल के दिनों में गमले गिरने की घटनाओं और मौसम विभाग की आंधी-तूफान चेतावनी के बीच सोसायटी प्रबंधन ने इसे जरूरी कदम बताया।

असुरक्षित गमलों पर चला अभियान

इस सुरक्षा अभियान में एओए पदाधिकारियों और रेजिडेंट्स ने मिलकर अलग-अलग टावरों का निरीक्षण किया। रेलिंग और ग्रिल पर रखे ऐसे गमले हटवाए गए, जो तेज हवा में नीचे गिरकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते थे। कई जगहों पर स्टैंड भी हटवाए गए।

हादसों के बाद सख्ती

सोसायटी प्रबंधन के मुताबिक हाल ही में गमले गिरने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह ड्राइव शुरू की गई। प्रबंधन ने साफ किया कि बच्चों, कर्मचारियों और निवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

रेजिडेंट्स ने दिया सहयोग

सचिव अमित सिलावट ने कहा कि सोसायटी को सुरक्षित बनाए रखना सभी निवासियों की साझा जिम्मेदारी है। वहीं अध्यक्ष फनीश कुमार राय ने कहा कि मौजूदा मौसम में तेज आंधी के दौरान रेलिंग पर रखे भारी गमले जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए विशेष टीम बनाई गई है और रेजिडेंट्स का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ