नौतपा की तपिश में सड़क पर उतरे अफसर, मोहन नगर से ज्ञानी बॉर्डर तक धूल और गंदगी हटाने चला महा अभियान

अमले संग निरीक्षण करते नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। मोहन नगर तिराहे से लेकर ज्ञानी बॉर्डर तक सोमवार को नगर निगम का बड़ा धूल मुक्त अभियान चलता नजर आया। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच कहीं जेसीबी मशीनें सड़क किनारे जमा धूल और मलबा हटाती दिखीं तो कहीं जलकल विभाग की टीमें पानी का छिड़काव करती नजर आईं। सफाई कर्मचारी हाथों में बेलचे और उपकरण लेकर सड़क साफ करने में जुटे रहे। लंबे समय से धूल, गंदगी और टूटे हिस्सों से परेशान लोगों के बीच अचानक सड़क पर बढ़ी हलचल चर्चा का विषय बनी रही।

निरीक्षण में खुली लापरवाही

दरअसल, यह पूरा अभियान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निरीक्षण के बाद शुरू हुआ। नगर आयुक्त ने मोहन नगर तिराहे से लेकर ज्ञानी बॉर्डर तक सड़क का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क किनारे जमी मोटी धूल, फैला निर्माण मलबा, बदहाल सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट की खराब हालत देखकर उन्होंने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जल निगम अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने कहा कि दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले इस प्रमुख मार्ग की ऐसी हालत शहर की छवि खराब कर रही है। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि 10 दिन के भीतर पूरे मार्ग को धूल मुक्त और व्यवस्थित किया जाए।
अधीनस्थों को निर्देश देते नगरायुक्त

अधिकारियों को मिला अल्टीमेटम

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से मशीनों और टीमों के साथ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। निर्माण विभाग और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जनसुविधा का ध्यान रखते हुए सड़क सुधार कार्य तेज करने को कहा गया। जल निगम के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद को सड़क पर फैले मलबे को हटाने और अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए गए। वहीं निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी को पीडब्ल्यूडी के साथ समन्वय बनाकर सड़क को गड्ढा मुक्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
फटकार के बाद सफाई में जुटे अधिकारी-कर्मचारी

धूप में चला सफाई अभियान

नगर आयुक्त की सख्ती के बाद नौतपा की तेज गर्मी में निगम का पूरा अमला सड़क पर उतर आया। जलकल विभाग ने कई हिस्सों में पानी का छिड़काव कराया ताकि उड़ती धूल पर नियंत्रण किया जा सके। जेसीबी मशीनों और सफाई मित्रों ने सड़क किनारे जमा धूल और निर्माण सामग्री हटाने का अभियान चलाया। आम दिनों में अक्सर नजरअंदाज होने वाली इस समस्या को लेकर अधिकारी भी मौके पर सक्रिय दिखाई दिए। कई जगह कर्मचारी तेज धूप में हाथों से धूल और गंदगी हटाते नजर आए।
तपती धूप में मुस्तैदी से सफाई करते कर्मचारी

ग्रीन बेल्ट सुधारने के भी निर्देश

मोहन नगर, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क, राजबाग और शहीद नगर होते हुए ज्ञानी बॉर्डर तक करीब पांच किलोमीटर लंबे हिस्से की ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को व्यवस्थित करने का काम भी शुरू करा दिया गया है। उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज को गमले लगाने, हरियाली बढ़ाने और ग्रीन बेल्ट को नर्सरी की तरह विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने ग्रीन बेल्ट पर हो रहे अतिक्रमण हटाने और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश भी दिए। वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर फैली गंदगी को लेकर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का दावा है कि अगले 10 दिनों में मोहन नगर से ज्ञानी बॉर्डर तक का पूरा मार्ग पहले से काफी साफ और व्यवस्थित नजर आएगा।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ