प्राचीन चौपला बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, अग्निशमन विभाग ने टाला बड़ा हादसा

विभु मिश्रा
गाजियाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपला मंदिर इलाके में मंगलवार देर रात पूजा सामग्री की एक दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखे प्लास्टिक, सजावटी सामान और अन्य ज्वलनशील सामग्री के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दुकान की पहली मंजिल तक पहुंच गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।

रात 11 बजे लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग रात करीब 11 बजे लगी। शुरुआत में दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ।

चार फायर टेंडरों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त संसाधन तैयार रखे गए। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले आसपास की दुकानों को बचाने के लिए पानी की बौछारें से कूलिंग को बनाए रखा और आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोका। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद पाइप लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की गई।

व्यापारियों की थमी धड़कने

आग की सूचना मिलते ही दुकाने बंद कर घर चले गए व्यापारी दौड़कर मौके पर पहुंच गए। जिससे वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने चौपला की ओर जाने वाले कई रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। पुलिसकर्मी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने का काम करते रहे। बता दें कि चौपला बाजार शहर का प्राचीन बाजार है। संकरा होने के कारण राहत कार्य चलाना चुनौती बना रहा। लेकिन राहत की बात ये रही कि आग रात के समय लगी। अगर ये हादसा दिन के समय होता तो फायर टेंडरों का वहां पहुंचना तक मुश्किल हो जाता। जिससे बड़ा हादसा होता।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ