गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: पैरा ओलंपिक के इंटरनेशनल खिलाड़ी चिराग त्यागी की दिनदहाड़े हत्या, साईं उपवन में मिला शव

फाइल फोटो: चिराग त्यागी
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के हिंडन क्षेत्र स्थित साईं उपवन में शनिवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले होनहार पैरा एथलीट चिराग त्यागी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव साईं उपवन के जंगलों में पड़ा मिला। अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी का शव मिलने से पूरे प्रशासनिक और खेल जगत में हड़कंप मच गया है। चिराग की पीठ पर गोली का निशान पाया गया है। परिजनों ने इसे एक गहरी साजिश और सुनियोजित हत्या करार देते हुए पुलिस से जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

कैब में बैठने के बाद लापता

मूल रूप से मुरादनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर सैथली गांव के रहने वाले चिराग त्यागी (100 और 400 मीटर दौड़ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी) शुक्रवार रात को ही बेंगलुरु से पैरा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर दिल्ली लौटे थे। रात में वह दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रुके थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे चिराग ने अपने परिवार को फोन कर जानकारी दी थी कि वह कैब बुक करके घर के लिए निकल रहे हैं। लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया और परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया।

मोबाइल और कीमती सामान गायब

परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे उन्हें पुलिस के जरिए सूचना मिली कि साईं उपवन में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान चिराग के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल या चिराग के पास से उनका मोबाइल फोन, पर्स और सामान का बैग बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला बेहद संदिग्ध हो गया है। पुलिस इसे लूटपाट के इरादे से की गई हत्या और आपसी रंजिश, दोनों कोणों से देख रही है।
घंटाघर कोतवाली पर मौजूद परिजन

प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच

चिराग ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई मेडल जीतकर इलाके का नाम रोशन किया था। हाल ही में पैरा ओलंपिक में चयन होने से उनके गांव और परिवार में जश्न का माहौल था, जो इस दुखद खबर के बाद मातम में बदल गया। परिजनों से मिली शुरुआती जानकारियों के आधार पर पुलिस चिराग की एक महिला मित्र (प्रेमिका) से भी पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि इंदौर की रहने वाली इस युवती से चिराग की दोस्ती करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और वह युवती इन दिनों गाजियाबाद में ही आई हुई थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पाण्डेय ने बताया कि खिलाड़ी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। साईं उपवन और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस सर्विलांस और अन्य तकनीकी कड़ियों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ