गाजियाबाद। ड्यूटी के दौरान लापरवाही और जनता से खराब व्यवहार के मामलों पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाया है। 4 मई 2026 को जारी प्रेस नोट में एक साथ कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर यह साफ कर दिया गया कि अब अनुशासन से समझौता नहीं होगा।
साहिबाबाद में सीधा सस्पेंशन
ट्रांस हिंडन जोन के थाना साहिबाबाद में तैनात उपनिरीक्षक गौरव मदेशा को निलंबित कर दिया गया है। उन पर जनता से दुर्व्यवहार करने और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे। विभाग ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल सस्पेंशन की कार्रवाई की।
नंदग्राम में तीन पर गिरी गाज
थाना नंदग्राम में ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और अपनी मनमर्जी से काम करने के आरोप सामने आए। इसके बाद उपनिरीक्षक आकाश कुमार राय, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार और आरक्षी सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया। एक साथ तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई ने विभाग के भीतर कड़ा संदेश दिया है।
अंकुर विहार में एसआई लाइन हाजिर
थाना अंकुर विहार में तैनात उपनिरीक्षक अवनीश कुमार (कार्यवाहक चौकी प्रभारी डाबर तालाब) के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाई गई। ग्रामीण जोन के पुलिस उपायुक्त ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
कड़ा संदेश: अब ढिलाई नहीं
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी तरह की लापरवाही या गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कमिश्नरेट ने भरोसा दिलाया है कि पुलिसिंग में सुधार के लिए ऐसे कदम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सके।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें