रिवर हाइट्स में आज सत्ता का महामुकाबला, 1042 वोटर लिखेंगे नई एओए की किस्मत, सुबोध त्यागी-ऋतु चौधरी पैनल में टक्कर

मतदान के लिए लाइन में लगे वोटर
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की चर्चित रिवर हाइट्स सोसायटी में रविवार को एओए चुनाव के लिए मतदान शुरू होते ही पूरे परिसर का राजनीतिक तापमान बढ़ गया। पिछले कई दिनों से चल रही चुनावी सरगर्मियां अब वोटिंग बूथ तक पहुंच चुकी हैं। 1042 मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर तय करेंगे कि अगले कार्यकाल में सोसायटी की सत्ता किसके हाथों में होगी। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि देर शाम तक परिणाम आने की संभावना है।
ऋतु चौधरी - सुबोध त्यागी

सुबोध बनाम ऋतु पर टिकी नजरें

हालांकि चुनाव मैदान में कुल 24 प्रत्याशी हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व अध्यक्ष सुबोध त्यागी और वर्तमान एओए सचिव ऋतु चौधरी के पैनलों की है। एक ओर लंबे समय तक सोसायटी की सत्ता संभाल चुके सुबोध त्यागी की टीम है तो दूसरी ओर वर्तमान प्रबंधन से जुड़ा ऋतु चौधरी का पैनल। पिछले एक सप्ताह से दोनों पक्षों ने घर-घर संपर्क, बैठकों और प्रचार के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में पूरी ताकत झोंक दी थी। अब फैसला वोटरों के हाथ में है।

कड़ी निगरानी, सख्त इंतजाम

मतदान को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सोसायटी परिसर और मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है ताकि प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय और निष्पक्ष बनी रहे। 19 टावरों और प्लॉट एरिया के पात्र मतदाता मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।
चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी 

चुनाव अधिकारी का सख्त संदेश

चुनाव अधिकारी एवं सहायक मत्स्य निदेशक ऋचा चौधरी ने कहा कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धांधली, दबाव या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी मतदाताओं को स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान करने का अवसर दिया जा रहा है तथा पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।
सोसायटी में चुनावी हलचल

शाम तक साफ होगी तस्वीर

मौजूदा अध्यक्ष गौरव विरमानी और आलोक शर्मा भी चुनाव मैदान में हैं, जबकि दो प्रत्याशी निर्दलीय के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके बावजूद सोसायटी के भीतर चर्चा मुख्य रूप से सुबोध त्यागी और ऋतु चौधरी के बीच मानी जा रही सीधी टक्कर की ही है। अब सबकी निगाहें मतदान प्रतिशत और देर शाम आने वाले परिणामों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि रिवर हाइट्स की नई सरकार किसकी बनेगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ