25 साल पुरानी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, ट्रोनिका सिटी में 70 लाख की सरकारी जमीन कराई मुक्त

अवैध मजार को गिराता बुलडोजर का पंजा
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान रविवार को ट्रोनिका सिटी पहुंचा। लोनी क्षेत्र स्थित यूपीसीडा के सी-8 सेक्टर में करीब 225 वर्गमीटर सरकारी भूमि पर वर्षों से बने पीर बाबा की मजार के ढांचे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के मुताबिक मुक्त कराई गई जमीन की कीमत सर्किल रेट के आधार पर करीब 65 से 70 लाख रुपये है। भारी पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

25 साल में चबूतरे से बनी इमारत

प्रशासन की जांच में सामने आया कि वर्ष 2001 में इस सरकारी जमीन पर पहले एक छोटा चबूतरा बनाया गया था। इसके बाद समय के साथ इसका विस्तार होता गया। एसडीएम लोनी का कहना है कि वर्ष 2021 में कोविड महामारी के दौरान निगरानी कम होने का फायदा उठाकर चबूतरे को पक्का और ऊंचा कर दिया गया, जिससे धीरे-धीरे यह मजार के रूप में विकसित हो गई। जांच में भूमि पर किसी प्रकार की वैध अनुमति या स्वीकृति नहीं मिली।
मौके पर मौजूद अधिकारी

भारी सुरक्षा रही तैनात

कार्रवाई से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसडीएम लोनी समेत अन्य अधिकारी सुबह से मौके पर डटे रहे। पीएसी और कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। बुलडोजर की कार्रवाई दोपहर तक चली और पूरे अभियान के दौरान कहीं से कोई विरोध या कानून-व्यवस्था की समस्या सामने नहीं आई।

बुलडोजर कार्रवाई के साथ होगी एफआईआर 

डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को चिन्हित किया जा रहा है। कब्जा करने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि सरकारी जमीन पर कहीं भी अवैध कब्जा दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

आगे भी चलेगा अभियान

प्रशासन का कहना है कि जिले में सरकारी जमीनों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी अवैध कब्जे मिलेंगे, वहां नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। रविवार की कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों और भू-माफियाओं में हड़कंप का माहौल है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ