मेंटेनेंस के लाखों रुपये, फिर भी नहीं सुरक्षित घर! अब गुलमोहर एनक्लेव में बालकनी से टूटा प्लास्टर

फ्लैट की बालकनी में टूटकर गिरा प्लास्टर
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में शुक्रवार सुबह चौथी मंजिल की एक बालकनी से प्लास्टर का हिस्सा टूटकर नीचे वाले फ्लैट की बालकनी में गिर गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इसे लेकर सोसायटी में भवन सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। निवासियों का कहना है कि समस्या के संकेत पहले से दिखाई दे रहे थे और इसकी शिकायत भी की गई थी।

हुआ तेज धमाका

एम-2 टावर के फ्लैट संख्या 402 की बालकनी से प्लास्टर टूटकर सीधे नीचे स्थित फ्लैट संख्या 302 की बालकनी में गिरा। तेज आवाज सुनकर फ्लैट निवासी इंदु उपाध्याय बाहर आईं तो देखा कि उनकी बालकनी में प्लास्टर के कई टुकड़े पड़े हुए हैं। राहत की बात यह रही कि उस समय बालकनी में कोई मौजूद नहीं था। यदि कोई वहां खड़ा होता तो उसे चोट लग सकती थी। घटना के बाद निवासियों ने इमारत के अन्य हिस्सों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है।
इस बालकनी का गिरा प्लास्टर और उस पर रखे गमले

शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

इंदु उपाध्याय का कहना है कि वह काफी समय से बालकनी से प्लास्टर टूटने की आशंका को लेकर संबंधित फ्लैट मालिक, सोसायटी प्रबंधन, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और मैनेजर को अवगत कराती रही हैं। उन्होंने कई बार तस्वीरें भेजकर भी समस्या की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद क्षतिग्रस्त हिस्से की समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। अब जब प्लास्टर टूटकर गिर चुका है तो निवासियों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पहले चेतावनी को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया।

गमलों को लेकर भी सवाल

कुछ निवासियों का आरोप है कि जिस बालकनी से प्लास्टर टूटा है, वहां रेलिंग पर लोहे का ढांचा लगाकर गमले रखे गए हैं। उनका कहना है कि गमलों में लगातार पानी डाले जाने के कारण बालकनी के निचले हिस्से में लंबे समय से नमी बनी हुई थी, जिससे प्लास्टर कमजोर होता गया। आरोप है कि इस संबंध में फ्लैट मालिक को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया। गुलमोहर एनक्लेव के पूर्व महासचिव आर.के. गर्ग ने कहा कि निवासी हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सोसायटी प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूरे परिसर का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराकर जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ