मौन एक्सप्रेस की खबर पर फिर लगी मुहर, रिवर हाइट्स में सुबोध त्यागी पैनल का क्लीन स्वीप

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। रिवर हाइट्स एओए चुनाव को लेकर मतदान के दौरान मौन एक्सप्रेस ने जिस तस्वीर की ओर इशारा किया था, आखिरकार नतीजों ने उस पर मुहर लगा दी। पूर्व अध्यक्ष सुबोध कुमार त्यागी के नेतृत्व वाले पैनल ने चुनाव में क्लीन स्वीप करते हुए शीर्ष-10 की पूरी सूची पर कब्जा जमा लिया। एक साल पहले सत्ता से बाहर हुई टीम ने रिकॉर्ड वापसी करते हुए न केवल एओए की कमान दोबारा हासिल की, बल्कि विरोधी खेमों को भी बड़ा झटका दे दिया।

एक साल बाद वापसी

लगातार कई वर्षों तक एओए की कमान संभाल चुके सुबोध कुमार त्यागी को पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद गौरव विरमानी के नेतृत्व वाली एओए ने कार्यभार संभाला। हालांकि इस बार चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि रेजिडेंट्स का भरोसा एक बार फिर सुबोध त्यागी और उनकी टीम पर कायम है। चुनावी नतीजों को सोसायटी में उनकी रिकॉर्ड वापसी के रूप में देखा जा रहा है।

टॉप-10 पर कब्जा

सुबोध त्यागी
चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार सुबोध कुमार त्यागी 905.941 वोट के साथ पहले स्थान पर रहे। उनके साथ कामिनी शर्मा, सरिता, शशि देव द्विवेदी, संदीप गुप्ता, अनिल कुमार मित्तल, परिक्षित बेहल, रितेश कुमार अग्रवाल, विजय प्रकाश श्रीवास्तव और अनुज कुमार विजेता घोषित किए गए। चुनाव में कुल 1000 पात्र मतदाताओं में से 742 ने मतदान किया। परिणामों ने साफ कर दिया कि मतदाताओं ने इस बार बिखरा जनादेश देने के बजाय एकतरफा फैसला सुनाया।

विरोधियों को बड़ा झटका

चुनाव में मुख्य मुकाबला सुबोध त्यागी और ऋतु चौधरी खेमे के बीच माना जा रहा था। मतदान के दौरान मिलीजुली एओए बनने की चर्चाएं भी चल रही थीं, लेकिन मतगणना ने सभी कयास पलट दिए। शीर्ष-10 की पूरी सूची पर सुबोध त्यागी पैनल के उम्मीदवारों की जीत ने विरोधी खेमों की उम्मीदों को झटका दिया। चुनाव परिणामों के साथ ही रिवर हाइट्स की सत्ता में सुबोध त्यागी टीम की वापसी पर आधिकारिक मुहर लग गई है। अब रेजिडेंट्स की निगाहें नई एओए की प्राथमिकताओं और आने वाले फैसलों पर टिकी हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ