राजनगर एक्सटेंशन के ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह को 'शौर्य चक्र', जाँबाज़ी पर पूरे जिले को नाज़

राष्ट्रपति से शौर्य चक्र प्राप्त करते कैप्टन अभिमन्यु सिंह
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी के निवासी और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह को देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार 'शौर्य चक्र' से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह पदक प्रदान किया। हालांकि इस पुरस्कार की घोषणा पूर्व में ही गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हो चुकी थी, लेकिन दो दिन पहले मंगलवार को आयोजित समारोह में उन्हें आधिकारिक रूप से सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी क्षण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ ग्रुप कैप्टन के पिता तेजवीर सिंह, मां वैजयंती सिंह, पत्नी दीपिका सिंह व भाई अनिरुद्ध सिंह भी समारोह में मौजूद रहे।

घायल अवस्था में अद्भुत वीरता

ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह को यह सम्मान 21 नवंबर 2024 की रात आसमान में दिखाई गई उनकी अदम्य बहादुरी के लिए दिया गया है। घटना के वक्त वे तत्कालीन विंग कमांडर के रूप में एक प्रशिक्षु पायलट की उड़ान का मूल्यांकन कर रहे थे। एक जटिल मैनुवर के दौरान अचानक विमान की पिछली कैनोपी टूट गई, जिससे केबिन के भीतर एक्सप्लोसिव डीकंप्रेशन हो गया। कैनोपी के टुकड़ों से अभिमन्यु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक खून बहने और विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए विमान पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने घने अंधेरे में विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाकर सुरक्षित लैंड कराया, जिससे न केवल प्रशिक्षु पायलट की जान बची बल्कि जमीन पर भी कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

पूरे गाजियाबाद को गर्व

इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके पिता तेजवीर सिंह ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे गाजियाबाद और राजनगर एक्सटेंशन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अभिमन्यु ने अपना कर्तव्य निभाया है और देश द्वारा उनकी बहादुरी को यह सम्मान दिए जाने से पूरे क्षेत्र में खुशी है। गुलमोहर गार्डन सोसायटी का हर बच्चा अब उनसे प्रेरणा लेगा।
एयर चीफ मार्शल के साथ कैप्टन और उनका परिवार

भव्य स्वागत की तैयारी

ग्रुप कैप्टन अभिमन्यु सिंह वर्तमान में सिरसा एयरबेस पर तैनात हैं और अब उनका तबादला दिल्ली हो गया है, जहाँ वे जल्द ही कार्यभार संभालेंगे। परिजनों के अनुसार, दिल्ली में जॉइनिंग करने के बाद जब वे गाजियाबाद स्थित अपने निवास पर आएंगे, तो गुलमोहर गार्डन सोसायटी के निवासियों द्वारा उनके सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सोसायटी के लोग अपने इस जाँबाज पड़ोसी के भव्य स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ