गुरुवार को रजिस्ट्री कराने जा रहे हैं? तो पहले यह खबर पढ़ लीजिए....वकीलों और बैनामा लेखकों ने कर दिया है अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

बार रूम में बैठक करते वकील और बैनामा लेखक
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। अगर आपने गुरुवार को जमीन, मकान या दुकान की रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर रखी है तो आपकी योजना फिलहाल टल सकती है। इसकी वजह यह है कि गाजियाबाद के अधिवक्ता और बैनामा लेखक 11 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। हड़ताल कितने दिन चलेगी, इसका अभी कोई समय तय नहीं है। तहसील बार एसोसिएशन की बुधवार को हुई आपात बैठक में यह फैसला लिया गया।

नए आदेश पर नाराजगी

सदर तहसील स्थित बार रूम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने की, जबकि संचालन सचिव दीपक वार्ष्णेय ने किया। बैठक में निबंधन विभाग द्वारा 4 जून को जारी आदेश पर चर्चा हुई। अधिवक्ताओं का कहना है कि नए आदेश के तहत रजिस्ट्री और दस्तावेज पंजीकरण प्रक्रिया में निजी संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है। इसे लेकर अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने आपत्ति जताई।

रोजगार पर पड़ेगा असर 

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो प्रदेश भर में वकीलों, बैनामा लेखकों, स्टांप विक्रेताओं, कंप्यूटर ऑपरेटरों और मुंशियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। उनका कहना था कि वर्षों से इस व्यवस्था से जुड़े लोगों के हितों को नजरअंदाज कर निर्णय लिया गया है। साथ ही आम लोगों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका जताई गई।

हड़ताल का ऐलान

बैठक के बाद बार एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से 11 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि जब तक आदेश वापस नहीं लिया जाता या उसमें आवश्यक संशोधन नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सचिव दीपक वार्ष्णेय ने बताया कि हड़ताल के दौरान अधिवक्ता न्यायिक और पंजीकरण संबंधी कार्यों से दूर रहेंगे तथा निर्णय की सूचना संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिवक्ता लविश त्यागी ने कहा कि सरकार को इस आदेश पर पुनर्विचार करना चाहिए। उनका कहना है कि रजिस्ट्री व्यवस्था से जुड़े हजारों लोगों के भविष्य पर असर डालने वाले फैसले से पहले सभी पक्षों से चर्चा की जानी चाहिए थी। 

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ