विभु मिश्रा
गाजियाबाद। गंगा, यमुना एवं हिंडन अपार्टमेंट ओनर्स वेलफेयर एंड मेंटेनेंस एसोसिएशन (जीवाईएचएओडब्ल्यूएमए) की प्रबंध समिति के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। नामित निर्वाचन अधिकारी ने अद्यतन समेकित मतदाता सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही भवन स्वामियों को सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, विसंगति या नाम से संबंधित आपत्ति दर्ज कराने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नाम और विवरण जांचने की अपील
कार्यालय की ओर से जारी ज्ञापन के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को हुई खुली आम सभा और उसके बाद की चुनावी प्रक्रिया के तहत कार्यरत और कालातीत प्रबंध समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई अद्यतन समेकित मतदाता सूची सार्वजनिक की गई है। सूची को संस्था के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी भवन स्वामी अपने नाम और अन्य विवरण का मिलान कर सकें।
प्रमाण के साथ देनी होगी आपत्ति
निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी सदस्य को मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारी को लेकर कोई आपत्ति है तो उसे लिखित रूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में जमा कराना होगा। केवल निर्धारित 14 दिन की अवधि में प्राप्त आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा। अधूरी या बिना प्रमाण वाली आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
दिसंबर 2024 की सूची होगी आधार
ज्ञापन के अनुसार अंतिम मतदाता सूची तैयार करने के लिए एक दिसंबर 2024 की राजकीय निर्वाचन मतदाता सूची को आधार माना गया है। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निस्तारण किया जाएगा और उसके बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होगी, जिसके आधार पर एसोसिएशन के प्रबंध समिति चुनाव कराए जाएंगे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें