मीडोज विस्टा में एओए की कुर्सी का मुकाबला तय, 11 ने भरा पर्चा; 23 अगस्त को होगा फैसला

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की मीडोज विस्टा फेज-1 सोसाइटी में लंबे समय से चल रहा एओए चुनाव का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सोसाइटी में नई अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जीके मिश्रा को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सोसाइटी के निवासियों की निगाहें 23 अगस्त को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।

23 अगस्त को होगा मतदान

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 14 और 16 अगस्त को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दोनों तारीखों में कुल 11 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। अब 17 अगस्त को शाम चार से रात आठ बजे तक नाम वापसी होगी। नाम वापसी पूरी होने के बाद 18 अगस्त को शाम पांच बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 19 से 22 अगस्त तक चुनाव प्रचार होगा। 22 अगस्त की रात 10 बजे प्रचार समाप्त हो जाएगा। 23 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

सितंबर 2024 में हुआ था चुनाव

मीडोज विस्टा में पिछला एओए चुनाव 28 सितंबर 2024 को हुआ था। इसके बाद 29 सितंबर 2025 से समिति को कालातीत घोषित कर दिया गया। इसके बाद नई समिति के चुनाव कराए जाने थे, लेकिन चुनाव प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी। सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि कालातीत एओए की ओर से चुनाव कराने में सहयोग नहीं किया गया और अलग-अलग कारणों से चुनाव टलता रहा। इसका नतीजा यह हुआ कि नई निर्वाचित समिति के गठन का मामला करीब एक साल तक अटका रहा।

कालातीत एओए पर आरोप

निवासियों के मुताबिक, चुनाव कराने के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से जनवरी में चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। हालांकि उनके कार्यकाल में चुनाव नहीं हो सका। इसके बाद मई में दूसरे चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की गई। आरोप है कि कालातीत एओए की ओर से सहयोग नहीं मिलने के कारण दूसरे चुनाव अधिकारी के सामने भी चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। इस वजह से चुनाव कराने में लंबी देरी हुई।

चंदा जुटाकर जमा की फीस

चुनाव को लेकर खर्च और चुनाव अधिकारी की फीस का मामला भी सामने आया। निवासियों के अनुसार, चुनाव अधिकारी की फीस आदि का भुगतान कालातीत एओए द्वारा नहीं किया गया। इसके बाद सोसाइटी के निवासियों ने आपस में चंदा एकत्र कर चुनाव अधिकारी की फीस जमा की। निवासियों का कहना है कि इसके बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ सकी और अब मतदान की तारीख तय हो चुकी है। 18 अगस्त को अंतिम सूची सामने आने के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ