विभु मिश्रा
गाजियाबाद। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रभा रस्तोगी कैंसर रिसर्च चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से 22 अगस्त को वसुंधरा अस्पताल में निशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत करीब 116 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। संस्था की ओर से 9 से 26 वर्ष तक की कन्याओं के लिए यह टीकाकरण अभियान प्रत्येक माह निशुल्क आयोजित किया जाता है।
उम्र के अनुसार टीकाकरण
कार्यक्रम में बताया गया कि 9 से 14 वर्ष तक की कन्याओं को दो टीके, जबकि 15 से 26 वर्ष तक की कन्याओं को तीन टीके कुछ माह के अंतराल पर लगाए जाते हैं। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं और उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाना है।
टीकाकरण अभियान की सराहना
कार्यक्रम में इंदिरापुरम सर्कल के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए लोगों से इसके प्रचार-प्रसार में आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वह पुलिस विभाग में नव नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने के साथ टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करेंगे। एसीपी ने सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन के लिए इस तरह के प्रयासों को समाज के लिए जरूरी बताया।
जल संरक्षण पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम में भारत अपडेट के मैनेजिंग एडिटर प्रेम शंकर सिंह, विपिन भारद्वाज, सविता यादव, संजय रस्तोगी, डॉ. ग्रिजेश रस्तोगी, डॉ. विनीता रस्तोगी और प्रिंसेस पार्क इंदिरापुरम के अध्यक्ष एवं एडवोकेट अंशुल वालिया प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान गौरव मिश्रा ने जल संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों के प्रति भी जागरूक किया गया।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें