विधायक कॉलोनी में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 125 लोगों ने कराई जांच

कैंप में जांच कराते हुए कॉलोनीवासी
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। विधायक कॉलोनी के टंकी वाले पार्क में शनिवार को आरडब्ल्यूए की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलोनीवासियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। करीब 100 से 125 लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराईं। आयोजन का उद्देश्य लोगों को घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

कई तरह की हुई स्वास्थ्य जांच

शिविर में ब्लड टेस्ट, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। इसके साथ ही लोगों के लिए डेंटल चेकअप की सुविधा भी उपलब्ध रही। स्वास्थ्य टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी। कॉलोनीवासियों ने आरडब्ल्यूए की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित कराने की जरूरत बताई।

लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से आयोजन को अच्छा प्रतिसाद मिला। आरडब्ल्यूए की ओर से शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले डॉक्टरों, स्वास्थ्य टीम और कॉलोनीवासियों का आभार जताया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से लोग अपनी सेहत को लेकर समय रहते सतर्क हो सकते हैं।

आगे भी होंगे ऐसे आयोजन

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने कहा कि कॉलोनीवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया था। लोगों की भागीदारी से यह पहल सफल रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आरडब्ल्यूए की ओर से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे कॉलोनीवासियों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलती रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ