सेवी विले डे में सजा ‘महोत्सव मेला 2026’, खरीदारी के साथ डीजे डांस और गेम्स ने बढ़ाई रौनक

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित सेवी विले डे सोसाइटी में रविवार को ‘सेवी विले डे महोत्सव मेला 2026’ का आयोजन किया गया। मेले में सोसाइटी के निवासियों और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया। मेले में खरीदारी, खान-पान के साथ बच्चों, महिलाओं और बड़ों के लिए मनोरंजन की कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

खरीदारी और खान-पान का रहा आकर्षण

महोत्सव में अलग-अलग जरूरतों और पसंद के सामान के लिए कई शॉपिंग स्टॉल लगाए गए। इनमें सूट, बेडशीट, ज्वेलरी, होम डेकोर, साड़ी, खिलौने, स्टेशनरी, ड्राई फ्रूट्स, पैकेज्ड फूड और परफ्यूम समेत कई उत्पाद शामिल रहे। इसके अलावा फूड स्टॉल पर विभिन्न तरह के व्यंजनों का लोगों ने आनंद लिया। मेले में लगे प्रमोशनल स्टॉल भी आकर्षण का हिस्सा रहे।

बच्चों और महिलाओं ने लिया हिस्सा

महोत्सव में बच्चों और महिलाओं के मनोरंजन के लिए कई गतिविधियां रखी गईं। बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया, झूले, गेम्स और ड्रॉइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं महिलाओं और बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता भी रखी गई। कैमल राइड ने भी बच्चों का ध्यान खींचा। परिवारों ने मेले में खरीदारी के साथ इन गतिविधियों का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ समय बिताया।

डीजे डांस और गेम्स ने जमाया रंग

मेले में तंबोला, म्यूजिकल चेयर, डीजे डांस और इंटरैक्टिव गेम्स का आयोजन किया गया। एंकर ने विभिन्न गेम्स और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए लोगों को जोड़े रखा। डीजे की धुनों पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने डांस किया, जिससे मेले का माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया। आयोजन का उद्देश्य सोसाइटी के लोगों को मनोरंजन और खरीदारी के साथ एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर देना रहा।

एओए ने जताया आभार

एओए की ओर से कहा गया कि सेवी विले डे केवल एक सोसाइटी नहीं, बल्कि एक परिवार है। ऐसे आयोजन निवासियों को साथ आने, खुशियां साझा करने और बच्चों व परिवारों के लिए यादगार पल बनाने का अवसर देते हैं। एओए ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी निवासियों, स्टॉल संचालकों, इवेंट टीम और कार्यक्रम से जुड़े सदस्यों का आभार जताया। एओए ने भविष्य में भी इसी तरह के सामुदायिक और सकारात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ