लैंडक्राफ्ट में 25वीं मंजिल तक गया युवक, कुछ देर बाद टावर के पीछे मिला शव

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में बुधवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। करीब 18 से 20 वर्ष के युवक का शव टावर नंबर 2ए के पीछे मिलने से सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जांच में सामने आया कि मौत से पहले युवक लिफ्ट से 25वीं मंजिल तक गया था।

टावर के पीछे मिला शव

घटना सुबह करीब नौ बजे की है। युवक को नीचे गिरा देखकर सिक्योरिटी स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और युवक को अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के साथ उसके सोसाइटी में आने की वजह भी पता कर रही है। एओए अध्यक्ष दिव्या गर्ग के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक सोसाइटी का निवासी था या बाहर से किसी के यहां आया था।

लिफ्ट से ऊपर पहुंचा युवक

मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने टावर नंबर 2ए में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें युवक लिफ्ट के जरिये 25वीं मंजिल तक जाता दिखाई दिया। टावर में कुल 28 मंजिल हैं। युवक 25वीं मंजिल पर पहुंचने के बाद कहां गया, इसकी जानकारी के लिए पुलिस उस फ्लोर और आसपास के हिस्सों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है।

25वीं मंजिल के बाद राज

सीसीटीवी में युवक की 25वीं मंजिल तक पहुंचने की तस्वीर मिलने के बाद जांच की सबसे अहम कड़ी यहीं से शुरू होती है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मंजिल पर पहुंचने के बाद युवक किस दिशा में गया और वहां कितनी देर रहा। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि उस समय उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। टावर के पीछे युवक किस जगह से नीचे गिरा, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पहचान के प्रयास जारी

पुलिस सोसाइटी के प्रवेश द्वार से लेकर टावर और लिफ्ट तक की फुटेज को जोड़कर युवक की गतिविधियों का पूरा क्रम तैयार कर रही है। युवक की पहचान होने पर उसके सोसाइटी आने और घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हर कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ