घर से निकला हुनर, बाजार में बनी पहचान; ‘प्रस्तुति’ 26 में महिलाओं ने दिखाई उद्यमिता की ताकत

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। घर की जिम्मेदारियों के साथ अपने हुनर को कारोबार में बदल रहीं महिलाओं के लिए आयोजित ‘प्रस्तुति’ 26 प्रदर्शनी आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता का मंच बनी। गौर होम में आयोजित इस प्रदर्शनी में गृह उद्योग और स्वरोजगार से जुड़ी महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। हस्तनिर्मित साड़ियों, परिधानों, मधुबनी पेंटिंग, आर्टिफिशियल ज्वेलरी से लेकर घरेलू व्यंजनों तक ने लोगों का ध्यान खींचा। आयोजन का उद्देश्य घर से कारोबार कर रहीं महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यावसायिक पहचान के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।

हुनर के दिखे रंग

प्रदर्शनी में महिला उद्यमियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्टॉलों पर हाथ से तैयार की गई साड़ियां और आकर्षक परिधान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। भारतीय परंपरा और कला को दर्शाती इंडियन ट्रेडिशनल मधुबनी पेंटिंग्स ने भी खूब ध्यान खींचा। वहीं आर्टिफिशियल ज्वेलरी और घर में तैयार किए गए लजीज व्यंजनों ने प्रदर्शनी में खरीदारी और स्वाद का अलग रंग जोड़ा। विभिन्न उत्पादों के जरिए महिलाओं ने यह दिखाया कि घर से शुरू किया गया छोटा प्रयास भी कारोबार का मजबूत आधार बन सकता है।

अतिथियों ने सराहा

प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि असिस्टेंट कमिश्नर उत्तर प्रदेश टी.एन. पटेल और वरिष्ठ समाजसेवी प्रवीण बत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं की ओर से तैयार किए गए उत्पादों तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिला उद्यमियों के हुनर को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

आयोजकों ने जताया आभार

‘प्रस्तुति’ 26 के आयोजन की जिम्मेदारी ‘प्रस्तुति’ टीम की संचालक एवं आयाम परिवर्तन एनजीओ की सचिव स्तुति भूषण और सुचिता त्यागी ने संभाली। आयोजकों ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाली महिला उद्यमियों के प्रति आभार जताया। स्तुति भूषण और सुचिता त्यागी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के बड़े आयोजन किए जाते रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि घर से व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने और आगे बढ़ाने के लिए लगातार मंच मिलता रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ