राजनगर एक्सटेंशन के हर्षित ने रोशन किया गाजियाबाद का नाम, 7000 युवाओं को पछाड़कर बने मिस्टर ग्लोबल इंडिया

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की राजनगर रेजिडेंसी में रहने वाले युवा हर्षित सोलंकी ने गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। मुंबई में आयोजित ‘मिस्टर इंडिया-2026’ के ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें आगामी सितंबर में थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय ‘मिस्टर ग्लोबल-2026’ प्रतियोगिता के लिए भारत का प्रतिनिधि चुना गया है। उनके चयन के बाद राजनगर एक्सटेंशन सहित पूरे गाजियाबाद में खुशी और उत्साह का माहौल है।

सात हजार युवाओ में दिखाई प्रतिभा

हर्षित सोलंकी ने नवंबर 2025 में ‘मिस्टर इंडिया’ प्रतियोगिता के लिए आवेदन किया था। देशभर से करीब 7,000 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया था। लगभग चार महीने तक चली लंबी चयन और स्क्रीनिंग प्रक्रिया के बाद मई 2026 में सिर्फ 17 प्रतिभागियों को फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया, जिनमें हर्षित भी शामिल थे। इसके बाद मुंबई में प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया।

फिटनेस व्यक्तित्व से जीता दिल

फिनाले के दौरान प्रतिभागियों को फिटनेस, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति से जुड़े कई कठिन राउंड से गुजरना पड़ा। हर्षित ने सभी चरणों में अपने दमदार प्रदर्शन और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया। आयोजकों की ओर से उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम स्थान प्रदान किया गया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया।

थाईलैंड में होगी अगली परीक्षा

हर्षित सोलंकी के लिए अगली और सबसे बड़ी चुनौती अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी। सितंबर 2026 में थाईलैंड में प्रस्तावित ‘मिस्टर ग्लोबल-2026’ प्रतियोगिता में वह विभिन्न देशों से आए प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्थानीय स्तर पर इस बड़ी उपलब्धि को लेकर उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है और इसे गाजियाबाद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

गाजियाबाद से वैश्विक मंच तक

हर्षित का यह सफर साबित करता है कि सौंदर्य प्रतियोगिताएं अब केवल बाहरी व्यक्तित्व तक सीमित नहीं हैं। इसमें फिटनेस, अनुशासन, संवाद क्षमता, मंचीय व्यवहार और आत्मविश्वास की भी अहम भूमिका होती है। राजनगर एक्सटेंशन में रह रहे एक युवा का हजारों प्रतिभागियों के बीच से निकलकर भारत का प्रतिनिधि बनना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। अब सबकी निगाहें थाईलैंड में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ