मुस्लिम युवती के साथ घूमना नागवार गुजरा, इंदिरापुरम में हिंदू युवक को घेरकर पीटा; बोले- हिंदू लड़कियां खत्म हो गईं क्या?

पिटाई का शिकार युवक शिवम
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। इंदिरापुरम में एक हिंदू युवक को मुस्लिम युवती के साथ घूमते देख कुछ युवकों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक को बीच सड़क पर थप्पड़ मारे गए और गाली-गलौज की गई। इस दौरान साथ मौजूद युवती भी आरोपियों के निशाने पर आ गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पार्क के बाहर युवक को घेरा

वायरल वीडियो करीब 53 सेकेंड का है और इंदिरापुरम में गौर ग्रीन सोसायटी के पास एक पार्क का बताया जा रहा है। वीडियो में सड़क किनारे सिल्वर रंग की कार खड़ी है। उसके पास हिजाब पहने युवती दिखाई देती है। कुछ युवक हरे रंग की टी-शर्ट पहने युवक को घेरकर खड़े हैं और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। युवक खुद को बचाने के लिए चेहरा और सिर ढकता नजर आता है। आसपास लोग मौजूद हैं, लेकिन कोई बीच-बचाव करता दिखाई नहीं देता।

धर्म को लेकर युवक से सवाल

मारपीट के दौरान युवक की पहचान शिवम के रूप में बताते हुए आरोपी उससे युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हैं। वीडियो में एक युवक कहता सुनाई देता है, “ये हमारी बहन है, ये मुसलमान बहन है और इसका नाम शिवम है।” इसके बाद युवक से पूछा जाता है कि वह उसे क्यों घुमा रहा है। आरोपी आगे कहते हैं, “क्या तेरी हिंदू बहन नहीं है? क्या हिंदुओं में लड़कियां खत्म हो गई हैं जो तू इसे घुमा रहा है?” इन सवालों के साथ युवक को गालियां भी दी जाती हैं और थप्पड़ मारे जाते हैं।

युवती को धमकाते आरोपी युवक

युवती को भी सुनाई खरी-खोटी

युवक के बाद आरोपियों का सामना हिजाब पहनी युवती से होता है। वीडियो में उससे पूछा जाता है कि वह यहां क्यों आई है। इसके बाद उससे कहा जाता है, “क्या मुस्लिम लड़के खत्म हो गए हैं?” युवती इस दौरान डरी-सहमी खड़ी दिखाई देती है। वह आरोपियों से माफी मांगती है और कहती है कि वह वहां से जा रही है। इसके बाद युवती मौके से चली जाती है।

भीड़ देखती रही पूरा तमाशा

वीडियो में घटना के दौरान आसपास कई लोगों की मौजूदगी दिखाई देती है। युवक के साथ मारपीट होती रही और युवती को धमकाया जाता रहा, लेकिन कोई व्यक्ति आरोपियों को रोकता नजर नहीं आया। एक युवक पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करता रहा। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कार नंबर से पहचान में जुटी पुलिस

वीडियो सामने आने के बाद इंदिरापुरम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जांच में वीडियो इंदिरापुरम के एक पार्क का पाया गया है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर भी जांच कर रही है। मारपीट करने वाले युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ