ऑनलाइन ठगी के नए पैंतरों से रूबरू हुईं छात्राएं, साइबर सुरक्षा के बताए जरूरी उपाय

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। डिजिटल लेनदेन और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने के प्रति जागरूक किया गया। आयाम परिवर्तन एनजीओ की ओर से नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, सिहानी में साइबर सुरक्षा और डिजिटल फ्रॉड को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे और अपने अनुभव भी साझा किए।

असली घटनाओं से समझाए ठगी के तरीके

कार्यशाला में क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोजेक्ट की टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन और वास्तविक घटनाओं पर आधारित वीडियो के जरिए ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सुरक्षित रखने और यूपीआई भुगतान के दौरान होने वाली ठगी के तरीकों को समझाया गया। छात्राओं को बताया गया कि छोटी सी लापरवाही भी साइबर ठगों के लिए बड़ी समस्या का कारण बन सकती है।

सवाल पूछे, अनुभव भी किए साझा

कार्यक्रम को केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे संवादात्मक बनाया गया। छात्राओं और शिक्षकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान किया। कई प्रतिभागियों ने ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। इससे छात्राओं को साइबर अपराध के संभावित खतरों को व्यावहारिक तरीके से समझने में मदद मिली।

हर शिक्षण संस्थान तक अभियान

आयाम परिवर्तन की सचिव स्तुति भूषण ने कहा कि डिजिटल दौर में तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि साइबर जागरूकता अभियान को क्षेत्र के अधिक से अधिक स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचाया जाए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज की प्रधानाचार्या सीमा पाहूजा ने आयाम परिवर्तन और क्राइस्ट यूनिवर्सिटी की टीम के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यशाला में क्राइस्ट यूनिवर्सिटी की खुशी मित्तल, मान्या सिंघल, अदिति बच्चन, अरायणा और सृष्टि ने सहयोग किया।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ