विभु मिश्रा
गाजियाबाद। शहर की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गुलमोहर एन्क्लेव स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित समारोह में RWA फेडरेशन गाजियाबाद की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। निर्वाचन अधिकारी राधा मोहन द्विवेदी ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी कार्यप्रणाली के साथ शहर के हित में काम करने का आह्वान किया।
जनहित को देंगे प्राथमिकता
शपथ ग्रहण के बाद फेडरेशन के नए चेयरमैन आर.के. गर्ग ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल आरडब्ल्यूए तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गाजियाबाद के प्रत्येक नागरिक से जुड़े मुद्दों को मजबूती से प्रशासन के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स, सफाई व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर सभी आरडब्ल्यूए को एकजुट कर प्रभावी रणनीति बनाई जाएगी, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
गरिमामय रहा समारोह
कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी 15 निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई और निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इसी अवसर पर गौरव बंसल को फेडरेशन का मीडिया प्रभारी नियुक्त करते हुए उन्हें भी नियुक्ति पत्र सौंपा गया। समारोह में पूर्व चेयरमैन कर्नल टी.पी. त्यागी और अन्य वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
संगठन को मिलेगा नया विस्तार
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कर्नल टी.पी. त्यागी को फेडरेशन का मुख्य संरक्षक तथा पी.सी. गुप्ता को संरक्षक नामित किया गया। कार्यक्रम में शहर की विभिन्न आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन के समापन पर नव-निर्वाचित टीम ने संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और मजबूत बनाते हुए शहर के विकास एवं जनहित के मुद्दों पर समन्वित प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें