- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
सनराइज ग्रीन्स एओए के 10 वर्षों के खातों की होगी गहन जांच, डीएम की फटकार के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने बदला ऑडिटर
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की सनराइज ग्रीन्स अपार्टमेंट्स के निवासियों के लिए बड़ी खबर है, जहां एओए के पिछले 10 वर्षों के पूरे वित्तीय लेखा-जोखा और ऑडिट की प्रक्रिया अब नए सिरे से तेज होने जा रही है। सोसाइटी में लंबे समय से जारी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों और जनसुनवाई पर जिलाधिकारी द्वारा जताई गई कड़ी नाराजगी के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय ने पुराना जांच अधिकारी हटाकर नए सीए को 10 साल के ऑडिट का जिम्मा सौंप दिया है।
दस वर्षों के खातों का ऑडिट
डिप्टी रजिस्ट्रार (फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद) द्वारा जारी आदेश के तहत सनराइज ग्रीन्स अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के वर्ष 2015-2016 से लेकर अब तक के पूरे 10 वर्षों के खातों का विशेष ऑडिट कराया जाएगा। नवनियुक्त ऑडिटर को एओए के सभी वित्तीय अभिलेखों, बैंक खातों, चल-अचल परिसंपत्तियों और संस्था द्वारा संचालित तमाम गतिविधियों की गहन पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस 10 साल के ऑडिट से सोसाइटी में बीते एक दशक से हुए वित्तीय लेन-देन और कथित धांधली की पूरी सच्चाई बाहर आने की उम्मीद है।
डीएम के निर्देश पर सख्ती
10 साल के इस बड़े ऑडिट में तेजी का फैसला जिलाधिकारी कार्यालय के कड़े रुख के बाद आया है। दरअसल, सोसाइटी के निवासियों ने एओए में चल रही वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई थी, लेकिन डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय ने बिना सही जांच किए पोर्टल पर अधूरी और असंतोषजनक आख्या अपलोड कर दी थी। 16 सितंबर 2026 को मंडलायुक्त समीक्षा में रैंकिंग गिरने पर जताई गई नाराजगी के बाद, जिलाधिकारी के निर्देश पर 17 सितंबर 2026 को नोडल अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय की इस लापरवाही पर कड़ा एतराज जताया और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत दी थी।
पुराना जांच अधिकारी हटाया
जिला प्रशासन की इस कड़ी फटकार के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय हरकत में आया और पूर्व में अटका पड़ा ऑडिट मामला तुरंत निपटाने की कार्यवाही शुरू की। सनराइज ग्रीन्स एओए के ऑडिट और जांच के लिए पूर्व में 07 अप्रैल 2025 को जांच अधिकारी नामित किया गया था, लेकिन उनके द्वारा लंबे समय से अद्यतन जांच रिपोर्ट जमा नहीं की गई थी। इस शिथिलता और लापरवाही को देखते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार ने 25 सितंबर 2026 को नया आदेश जारी कर पुराने जांच अधिकारी को कार्य से मुक्त करते हुए पिछला आदेश निरस्त कर दिया।
सीए को सौंपी पूरी जांच
ऑडिट प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता लाने के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार ने सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 की धारा-24 के तहत नवयुग मार्केट गाजियाबाद स्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट फर्म 'एनके एण्ड कम्पनी' के सीए मोहित कौशिक को नया जांच अधिकारी व ऑडिटर नियुक्त किया है। नए ऑडिटर को 10 साल के सभी अभिलेखों की जांच पूरी कर अधिकतम 04 सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट निष्कर्षों के साथ दफ्तर में प्रस्तुत करने के सख्त आदेश दिए गए हैं, जिसका समस्त खर्च एओए वहन करेगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
Deputy Registrar Society
DM Ghaziabad
Ghaziabad news
Indirapuram Society Dispute
Sunrise Greens AOA Audit
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें