गुलमोहर एन्क्लेव की डांडिया नाइट पर विवाद, 11 हजार की एंट्री फीस और अनुमति को लेकर शिकायत

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव में 19 अक्टूबर को प्रस्तावित डांडिया नाइट्स कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता गौरव बंसल ने कार्यक्रम की अनुमति, कॉमन एरिया के इस्तेमाल, प्रवेश शुल्क और आयोजक की वैधानिकता को लेकर कई विभागों में शिकायत भेजकर जांच की मांग की है।

कार्यकारिणी पर उठे सवाल

गौरव बंसल ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, जीडीए, डिप्टी रजिस्ट्रार और जीएसटी विभाग को भेजी शिकायत में कहा है कि सोसायटी की वर्तमान आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। नए चुनाव होने तक पदाधिकारी कार्यवाहक के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे में कॉमन एरिया में शुल्क आधारित कार्यक्रम कराने से पहले संबंधित अनुमति और वैधानिक औपचारिकताओं की जांच जरूरी है।

इवेंट कंपनी करा रही आयोजन

इस मामले में कार्यवाहक सचिव ए.के. दोहरे ने बताया कि डांडिया नाइट्स का आयोजन आरडब्ल्यूए नहीं करा रही है। उनके मुताबिक कार्यक्रम एक इवेंट कंपनी करा रही है और वह कंपनी किससे कितना प्रवेश शुल्क लेती है, इसका आरडब्ल्यूए से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, शिकायत में पोस्टर पर ₹200 प्रति व्यक्ति और ₹350 प्रति कपल प्रवेश शुल्क का उल्लेख होने की बात कही गई है। फैमिली के लिए फोन पर बात करने का भी जिक्र है।

प्रवेश शुल्क पर मांगा हिसाब

बंसल ने शिकायत में सवाल उठाया है कि कार्यक्रम से जुटाई जाने वाली राशि किसके पास जाएगी और उसका हिसाब-किताब किस तरह रखा जाएगा। उन्होंने आरडब्ल्यूए की स्वीकृति, इवेंट लाइसेंस, आयोजक इवेंट कंपनी के पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि कॉमन एरिया सोसायटी के सभी निवासियों का है और यहां बाहरी लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व अनुमति से जुड़े पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए।

सचिव पर लगाए गंभीर आरोप

शिकायत में कुछ निवासियों के हवाले से यह आरोप भी लगाया गया है कि सोसायटी के सचिव ने आयोजकों को किसी बड़े भाजपा नेता को मुख्य अतिथि बनाने की बात कही थी। साथ ही शिकायतकर्ता के खिलाफ पुलिस में बंद कराने और पिटाई करवाने जैसी टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया गया है। बंसल ने इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग अधिकारियों से की है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम पर आपत्ति नहीं

बंसल ने कहा है कि उनकी शिकायत किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के विरोध या किसी राजनीतिक दल के समर्थन-विरोध से जुड़ी नहीं है। उनका सवाल कार्यक्रम की अनुमति, कॉमन एरिया में प्रवेश शुल्क, बाहरी लोगों की एंट्री, सुरक्षा, वैधानिकता और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर है। उन्होंने कहा कि सोसायटी में पहले इस तरह की एंट्री फीस नहीं ली गई है। उन्होंने नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई करने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ