विभु मिश्रा
गाजियाबाद। लंबे समय के सस्पेंस, बार-बार टलती तारीखों और चुनाव अधिकारियों के फेरबदल पर विराम लगाते हुए आखिरकार राजनगर एक्सटेंशन की एसजी ग्रैंड सोसायटी के एओए चुनाव का बिगुल बज गया है। डिप्टी रजिस्ट्रार के निर्देश पर चुनाव अधिकारी ने चुनावी रण का पूरा खाका खींच दिया है। आगामी 27 सितंबर को सोसायटी के निवासी अपनी उंगली पर नीली स्याही लगवाकर नई सरकार का फैसला करेंगे।
जनता की जिद से लौटा लोकतंत्र
जनवरी से ही कालातीत पड़ी एसजी ग्रैंड सोसायटी में ठीक 12 दिन बाद फिर से लोकतंत्र की वापसी होने जा रही है। इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसे कराने में निवर्तमान एओए नहीं, बल्कि सोसायटी के सजग रेजिडेंट्स का सबसे बड़ा हाथ है। एओए जब चुनाव कराने से लगातार कदम पीछे खींच रही थी, तब निवासियों ने खुद अपनी जेब से चंदा जुटाया और चुनाव अधिकारी द्वारा मांगी गई खर्च की रकम जमा करके इस सोए हुए चुनावी तंत्र को जगाया।
नामांकन से नतीजे तक पूरा शेड्यूल
आज अनंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन, जिस पर 18 सितंबर दोपहर 2 बजे तक आपत्तियां ली जाएंगी, फिर 19 सितंबर शाम 5 बजे निस्तारण के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी, इसके बाद 21 सितंबर सुबह 11 बजे से 22 सितंबर शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे, 23 सितंबर दोपहर 2 बजे तक पर्चों की जांच और नाम वापसी होगी, 24 सितंबर सुबह 11 बजे अंतिम प्रत्याशियों की सूची लगेगी, और आखिर में 27 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक वोटिंग के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होकर परिणाम आ जाएंगे।
कड़े नियमों के बीच महामुकाबला
चुनावी दंगल को पूरी तरह निष्पक्ष रखने के लिए चुनाव अधिकारी ने आचार संहिता लागू कर दी है। प्रत्याशी के लिए 2,500 रुपये का गैर-वापसी योग्य नामांकन शुल्क रखा गया है, वहीं प्रॉक्सी वोटिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी यानी केवल असली मकान मालिक ही आईडी दिखाकर वोट डाल पाएंगे। सोसायटी परिसर में पोस्टर-बैनर चिपकाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें फैलाने पर उम्मीदवारी रद्द हो सकती है। सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नन्दग्राम थाने से पुलिस बल की भी मांग की गई है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें