गाजियाबाद। गाजियाबाद में हर किसी की एक ही कहानी है, कोई अपने घर के लिए जमीन तलाश रहा है तो कोई अपने कारोबार को बड़ी जगह पर ले जाने के लिए दुकान या शोरूम की जगह ढूंढ रहा है। इसी दोहरी जरूरत को पूरा करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने एक ही मंच पर आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के भूखंडों की नीलामी का खाका तैयार किया है, जिस पर सात सितंबर को मुहर लगेगी।
इन इलाकों में मौका
जीडीए की इस नीलामी में इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, कोयल एन्क्लेव, कर्पूरीपुरम और ब्रिज विहार जैसी उन योजनाओं को शामिल किया गया है, जहां बसावट के साथ-साथ बाजार भी पूरी तरह विकसित हैं। प्राधिकरण के रिकॉर्ड के मुताबिक इंदिरापुरम न्यायखंड-1 में 27 व्यावसायिक भूखंड रखे गए हैं, जो सीधे तौर पर कारोबारियों के लिए हैं। वहीं इंदिरापुरम विस्तार के ब्लॉक-ए में 19 आवासीय और 2 व्यावसायिक समेत 60 से अधिक संपत्तियां सामान्य श्रेणी में नीलाम होंगी, जहां 60 से अधिक लोगों की किस्मत खुलेगी।
नीलामी में इन योजनाओं के भूखंड शामिल
इस नीलामी को सिर्फ प्लॉट की बिक्री तक सीमित नहीं रखा गया है। जीडीए ने इसमें घर बसाने वालों के लिए आवासीय भूखंड, कारोबार बढ़ाने वालों के लिए व्यावसायिक भूखंड, दुकान और कन्वीनियेंट शॉपिंग के भूखंड, साथ ही बड़ी योजनाओं के लिए ग्रुप हाउसिंग, ओल्ड एज होम, सामुदायिक केंद्र, स्कूल और अस्पताल जैसी श्रेणियों के भूखंड भी जोड़े हैं। यानी एक ही नीलामी में घर का सपना भी पूरा होगा और रोजगार का रास्ता भी खुलेगा।
हिंदी भवन में लगेगी बोली
प्राधिकरण ने नीलामी के लिए हिंदी भवन, लोहियानगर को चुना है। सात सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे वहां खुली बोली शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त होने के साथ ही जीडीए नीलामी की प्रक्रिया को पूर्ण करने की तैयारियों में जुट गया है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें