गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की एसजी ग्रैंड सोसायटी में एओए चुनाव को लेकर चल रही खींचतान के बीच रेजिडेंट्स ने ऐसा कदम उठाया, जिससे चुनाव रोकने की कोशिशों पर ही सवाल खड़े हो गए। चुनावी खर्च के लिए सोसायटी के लोगों ने आपस में 97 हजार रुपये जुटाए और नामित निर्वाचन अधिकारी को जमा करा दिए। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है और सोमवार से अगली कार्रवाई होने की उम्मीद है।
लोगों ने खुद उठाया खर्च
दरअसल, चुनाव कराने के लिए धनराशि जमा कराने का मामला काफी समय से चर्चा में था। सात सितंबर को डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से नियुक्त निर्वाचन अधिकारी प्रशांत सिंह ने चुनावी प्रक्रिया के लिए 1.40 लाख रुपये जमा कराने को कहा था। इस राशि को लेकर आपत्ति सामने आने के बाद मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा था। आखिरकार सोसायटी के रेजिडेंट्स ने रकम का इंतजाम अपने स्तर पर करने का फैसला लिया। 97 हजार रुपये जुटाकर निर्वाचन अधिकारी को देने के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि चुनाव कराने के लिए अब पैसे को लेकर प्रक्रिया अटकने नहीं दी जाएगी।
पूर्व पदाधिकारी ने उठाए सवाल
पूर्व एओए कोषाध्यक्ष विकास राय ने आरोप लगाया कि कालातीत एओए की ओर से चुनाव को टालने की कोशिश की जा रही थी। उनके मुताबिक, रकम को लेकर उठाई गई आपत्ति के कारण चुनाव आगे बढ़ने में अनावश्यक देरी हो रही थी। विकास राय का कहना है कि रेजिडेंट्स ने स्वयं पैसे जमा कर यह दिखा दिया कि वे चुनाव कराने के पक्ष में हैं और किसी विवाद के कारण प्रक्रिया को अनिश्चितकाल तक रोककर रखने के लिए तैयार नहीं हैं। उनके मुताबिक, अब निवासियों की इस पहल के बाद चुनाव को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।
हर खर्च का रहेगा रिकॉर्ड
नामित निर्वाचन अधिकारी प्रशांत सिंह ने बताया कि जमा रकम का इस्तेमाल केवल चुनाव से संबंधित जरूरी कार्यों पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया कम से कम खर्च में कराई जाएगी और पारदर्शिता का ध्यान रखा जाएगा। खर्च की प्रत्येक मद का बिल और विवरण रखा जाएगा तथा राशि बचने पर उसे वापस करने की व्यवस्था रहेगी। इस मामले में कालातीत एओए अध्यक्ष अरुण मलिक से फोन पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें