गाजियाबाद के यशोदा हॉस्पिटल पहुंची ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर, बोलीं - "मेरी नजर में भगवान और डॉक्टर एक समान"

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। संजय नगर स्थित यशोदा हॉस्पिटल में आयोजित सम्मान समारोह में महज 21 साल की उम्र में अपनी आध्यात्मिक फिल्म 'हनुमान अंश' से सफलता की नई इबारत लिखने वाली निर्माता अनुप्रिया नागर का अभिनंदन किया गया। विभु मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार, इस अवसर पर अनुप्रिया ने अपनी फिल्म के चुनौतीपूर्ण सफर को साझा करते हुए डॉक्टरों को भगवान के समान दर्जा दिया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इस युवा प्रतिभा की सराहना करते हुए 'हनुमान अंश' की पूरी टीम को आजीवन निःशुल्क चिकित्सा सुविधा देने का ऐलान किया।

2 करोड़ में रची सफलता

अनुप्रिया नागर ने बताया कि महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में बड़े स्तर पर प्रचार के साधन नहीं थे, फिर भी फिल्म ने सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीता और करोड़ों की कमाई की। अनुप्रिया के मुताबिक, आज की Gen Z पीढ़ी लगातार दूसरों की नजरों में खुद को साबित करने और तारीफ पाने की होड़ में उलझी रहती है। इसी वजह से वह ऐसी फिल्म बनाना चाहती थीं जो युवाओं को इस भागदौड़ से निकालकर भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ सके।

स्टीव जॉब्स से मिली प्रेरणा

अनुप्रिया ने बताया कि फिल्म का विचार उन्हें तब आया जब वह स्टीव जॉब्स के जीवन के बारे में पढ़ रही थीं और उन्हें नीम करौली बाबा से जॉब्स के जुड़ाव का पता चला। उन्होंने इसे 'यूके से यूके' यानी यूनाइटेड किंगडम से उत्तराखंड तक का सफर बताया। अनुप्रिया के मुताबिक, फिल्म बनाने के दौरान वह वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मिलीं। अनुप्रिया ने कहा कि महाराज ने उन्हें किसी महापुरुष के जीवन से जुड़ी फिल्म बनाते समय पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी थी।

संतों के आशीर्वाद से वापसी

अनुप्रिया ने बताया कि एक समय ऐसा आया जब दर्शकों की कमी के कारण फिल्म थिएटर से हटने की कगार पर आ गई थी और इसे लगभग फ्लॉप मान लिया गया था। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में उन्होंने बागेश्वर धाम पहुंचकर धीरेंद्र शास्त्री और आचार्य प्रमोद कृष्णम से आशीर्वाद लिया। अनुप्रिया के मुताबिक, संतों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बाद थिएटरों में अचानक दर्शकों की संख्या बढ़ी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की।

भविष्य में कल्कि धाम योजना

अनुप्रिया नागर ने कहा कि इस यात्रा में स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज और उनके अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शान्तनु शुक्ला ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। शांतनु शुक्ला ने उनका छोटी बहन की तरह उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में यशोदा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. दिनेश अरोड़ा, डॉ. शशि अरोड़ा, डॉ. रजत अरोड़ा और प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. नितेशा मल्होत्रा की मौजूदगी में अनुप्रिया को 'भारत की बेटी' कहकर सम्मानित किया गया। अनुप्रिया ने आगे बताया कि यदि सौभाग्य मिला तो वह भविष्य में संभल स्थित श्री कल्कि धाम पर भी फिल्म का निर्माण करेंगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें