रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में भड़की आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक, ऑक्सीजन प्लांट बचाया

आग बुझाते दमकलकर्मी
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात रिसाइक्लिंग फैक्ट्री के टीन शेड में लगी आग से मोबाइल बैटरी और सेल, मोटरसाइकिल समेत अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री जल गई। आग लगने के बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तीन टैंकरों की मदद से मोर्चा संभाला। पानी के साथ मैकेनिकल फोम का इस्तेमाल कर आग को बुझाया गया। इस दौरान आग को पीछे बने ऑक्सीजन प्लांट तक पहुंचने से रोकना फायर कर्मियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही।

देर रात मिली सूचना

फायर विभाग के अनुसार रात करीब 11:15 बजे कोतवाली फायर स्टेशन को आग की सूचना मिली। आग सिल्वर सिटी मॉल के पीछे सी-11/3, साउथसाइड जीटी रोड स्थित सीकेसीपीसी रिसाइक्लिंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड में लगी थी। सूचना मिलते ही एफएसओ के नेतृत्व में कोतवाली फायर स्टेशन से तीन फायर टैंकर रवाना किए गए। टीम के पहुंचने तक टीन शेड में आग तेजी से फैल रही थी। फायर कर्मियों ने तत्काल बचाव और अग्निशमन कार्य शुरू कर दिया।

लपटें तेजी से बढ़ीं

फैक्ट्री के शेड में मोबाइल की बैटरी व सेल, मोटरसाइकिल और अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री रखी थी। इन सामानों में आग लगने के बाद लपटें तेजी से बढ़ने लगीं। फायर कर्मियों ने एमएफई से होज पाइप फैलाकर कई दिशाओं से पानी डालना शुरू किया। आग की स्थिति को देखते हुए मैकेनिकल फोम का भी इस्तेमाल किया गया। लगातार पानी और फोम की बौछार से टीम ने आग को नियंत्रित किया और आखिरकार पूरी तरह बुझा दिया।

ऑक्सीजन प्लांट बचाना चुनौती

सीएफओ सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि आग के दौरान फैक्ट्री के पीछे बने ऑक्सीजन प्लांट को सुरक्षित रखना फायर टीम की प्राथमिकता थी। आग प्लांट तक पहुंचती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। टीम ने आग को उस दिशा में बढ़ने से रोकते हुए प्लांट को सुरक्षित बचा लिया। सीएफओ और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी की। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, जबकि फैक्ट्री में रखा सामान आग से क्षतिग्रस्त हुआ है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और विभाग इसकी जांच कर रहा है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ