ईस्टर्न पेरीफेरल पर कार में मिला राजनगर एक्सटेंशन के लापता डॉक्टर का शव, इंजेक्शन की ओवरडोज से मौत की आशंका

डॉ. शिवम कार्तिकेय की फाइल फोटो और बरामद कार
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। नंदग्राम से लापता हुए डॉक्टर शिवम कार्तिकेय का शव बुधवार को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार में मिला। मुरादनगर क्षेत्र में काफी देर से एक कार खड़ी होने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो अंदर डॉक्टर का शव मिला। शिवम राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी मिलन सोसायटी के निवासी थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में इंजेक्शन की ओवरडोज लेने की बात सामने आई है। 

कार में मिला शव

डायल 112 पर सूचना मिली थी कि मुरादनगर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार काफी देर से खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। जांच के दौरान मृतक की पहचान डॉ. शिवम कार्तिकेय (30) पुत्र गोपाल स्वरूप के रूप में हुई। कार का नंबर UK06BL3119 बताया गया है।

एक दिन पहले हुए थे लापता

शिवम के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने 29 सितंबर को नंदग्राम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश के बीच उनका शव मुरादनगर क्षेत्र में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए।

इंजेक्शन की ओवरडोज की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने दवाइयों की ओवरडोज ड्रिप के माध्यम से अपने शरीर में ली थी। इसी वजह से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

पुलिस जुटा रही जानकारी

डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि डॉक्टर की गुमशुदगी नंदग्राम थाने में दर्ज थी। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार से शव बरामद हुआ है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ