- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी ने रविवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जनआक्रोश मार्च निकालकर मतदाता अधिकारों का मुद्दा उठाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर निकले मार्च में सपा कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। मार्च के बाद उनका पुतला भी दहन किया गया।
इस रूट पर निकला मार्च
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में मार्च अंबेडकर पार्क, नवयुग मार्केट से शुरू होकर गांधी पार्क, लोहिया नगर तक पहुंचा। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटना उसके मतदान के अधिकार को प्रभावित करता है। सपा ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाया कि इसके जरिए बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
एसआईआर का विरोध
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संवैधानिक शक्ति है। किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया जाना महज प्रशासनिक त्रुटि नहीं माना जा सकता। सपा नेताओं ने दावा किया कि एसआईआर का असर विशेष रूप से पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और विपक्षी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं पर पड़ रहा है। पार्टी ने मतदाता सूचियों को लेकर उठ रही शिकायतों का समाधान कराने की मांग की।
सीईसी से इस्तीफे की मांग
महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी मिली है, इसलिए उसकी कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी और संतोषजनक समाधान होना चाहिए। यादव ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक दल का नहीं, बल्कि मताधिकार, संविधान और लोकतंत्र से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक व्यापक किया जाएगा।
राष्ट्रगान के बाद संविधान पाठ
गांधी पार्क पहुंचने के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने राष्ट्रगान गाया। जिला महासचिव नितिन त्यागी ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। इसके बाद पार्क के बाहर कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका पुतला दहन किया। पार्टी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान जारी रहेगा।
मार्च में ये लोग हुए शामिल
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन, महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, जिला महासचिव नितिन त्यागी, महानगर महासचिव राजन कश्यप, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, पूर्व विधायक हाजी जाकिर, पूर्व विधायक केके शर्मा, राष्ट्रीय सचिव भुवन भास्कर जोशी, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, प्रदेश सचिव बाबू सिंह आर्या और महानगर युवजन सभा अध्यक्ष विक्की ठाकुर समेत 6बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मार्च में मौजूद रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
Akhilesh Yadav
Election Commission
Ghaziabad news
Ghaziabad politics
Gyanesh Kumar Resignation
Samajwadi Party
SIR Voter List
Vote Bachao March
Voter Rights
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें