गाजियाबाद। संगीत की धुन पर थिरकते कदम, हाथों में डांडिया और चारों ओर उत्सव का उल्लास। इंदिरापुरम की विधायक कॉलोनी में शनिवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। न्याय खंड-1 स्थित टंकी वाला पार्क में आयोजित डांडिया नाइट में कॉलोनीवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
डांडिया-गरबा से सजी शाम
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) विधायक कॉलोनी की ओर से 17 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों ने डांडिया और गरबा का आनंद लिया। कार्यक्रम में सामूहिक रात्रिभोज भी रखा गया। कार्यक्रम में वार्ड-79 के पार्षद हरीश काराकोटी मौजूद रहे। आयोजन के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सहयोग दिया, जबकि नगर निगम के उद्यान एवं सफाई विभाग ने पार्क की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं में मदद की।
सामाजिक जुड़ाव पर जोर
आरडब्ल्यूए विधायक कॉलोनी के अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर देते हैं। एसोसिएशन का प्रयास कॉलोनी में स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ निवासियों के बीच सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है।
भविष्य में भी होंगे आयोजन
अनुपम शुक्ला ने कार्यक्रम की सफलता के लिए कॉलोनीवासियों, आरडब्ल्यूए टीम, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, पार्षद हरीश काराकोटी और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन आगे भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े आयोजन करती रहेगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें