गाजियाबाद। कमला नेहरू नगर स्थित 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ परिसर मंगलवार को विजयादशमी के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धा, शौर्य और उल्लास के बीच जवानों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इसके बाद बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ माता रानी की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में अधिकारी, रेस्क्यूअर, परिवारजन और बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए।
शस्त्र पूजन से शुरू हुआ पर्व
विजयादशमी के अवसर पर सुबह परिसर में विधिवत शस्त्र पूजन किया गया। एनडीआरएफ के जवानों के लिए शस्त्र केवल उपकरण नहीं, बल्कि आपदा के समय लोगों की जान बचाने और देश की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पूजन के दौरान वीरता, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा की भावना भी दिखाई दी। पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह के साथ पर्व का माहौल बना रहा।
झांकी में उमड़ा उल्लास
शस्त्र पूजन के बाद बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच माता रानी की भव्य झांकी निकाली गई। इसमें वाहिनी के अधिकारीगण, रेस्क्यूअर और उनके परिवारजन शामिल हुए। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। झांकी के दौरान परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। शाम को रावण के पुतले का दहन किया जाएगा, जो बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक होगा।
दिया एकता का संदेश
कमांडेंट सुदेश कुमार ने सभी रेस्क्यूअर और उनके परिवारजनों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ वीरता, शौर्य और धर्म के प्रति आस्था का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ सिर्फ एक बल नहीं, बल्कि एक परिवार है। देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े जवान यहां अपनी सांस्कृतिक विविधताओं के साथ सभी त्योहार आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे से मनाते हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें