गुलमोहर गार्डन में सजेगा दिवाली मेले का रंगीन संसार, रामलीला से रॉक बैंड तक जमकर होगा धमाल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। दीपावली के उल्लास के बीच राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन में इस बार रोशनी, संगीत, संस्कृति और मनोरंजन का रंग एक साथ देखने को मिलेगा। गुलमोहर गार्डन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की सांस्कृतिक समिति की ओर से 31 अक्टूबर को भव्य दिवाली मेले का आयोजन किया जा रहा है। शाम छह बजे शुरू होने वाला यह आयोजन करीब साढ़े तीन घंटे तक चलेगा, जिसमें बच्चों की रामलीला से लेकर रॉक बैंड और अंताक्षरी तक कई आकर्षण लोगों को बांधे रखेंगे। मेले में खान-पान और शॉपिंग के 40 स्टॉल की रौनक भी अलग छटा बिखेरेंगे।

बच्चों की रामलीला बनेगी आकर्षण

मेले की शुरुआत से ही माहौल को उत्सवमय बनाने की तैयारी है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रामलीला कार्यक्रम का खास आकर्षण होगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीपावली की परंपरा और उल्लास को जीवंत करेंगी। परिवार के साथ पहुंचने वाले लोगों के लिए यह कार्यक्रम मनोरंजन के साथ त्योहार की सांस्कृतिक छटा का अनुभव भी कराएगा।

संगीत पर थिरकेगा पूरा माहौल

दिवाली मेले में संगीत और मस्ती का तड़का लगाने के लिए रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। वहीं अंताक्षरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच गीतों का मुकाबला देखने को मिलेगा। मेले में रंगोली सजावट, 108 दीपों का प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी माहौल को खास बनाएंगी। इसके अलावा फूड कोर्ट और शॉपिंग स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

11 चांदी सिक्कों का लकी ड्रॉ

कार्यक्रम का सबसे रोमांचक आकर्षण अंत में होने वाला लकी ड्रॉ रहेगा। इसमें 11 चांदी के सिक्के विजेताओं को दिए जाएंगे। ऐसे में मेले में शामिल होने वाले लोगों के लिए मनोरंजन के साथ इनाम जीतने का भी मौका रहेगा। आयोजकों ने गुलमोहर गार्डन के निवासियों से परिवार सहित पहुंचकर दिवाली की इस खास शाम को यादगार बनाने की अपील की है। आयोजन स्थल निकास मार्ग टी-1 से टी-4 रहेगा।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ