सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य के बीच कार पर गिरा पेड़, हुई क्षतिग्रस्त, लोगों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के ज्ञानखंड में सेंट थॉमस स्कूल के सामने सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। रातभर हुई बारिश के बाद हुए इस हादसे ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंदिरापुरम वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक धीरज शर्मा ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

खुदाई से पेड़ों को खतरा

धीरज शर्मा के मुताबिक, सड़क और डिवाइडर के किनारे चल रही खुदाई के दौरान पेड़ों की जड़ों के आसपास की मिट्टी हटाई गई है। इससे पेड़ों की जड़ों की पकड़ कमजोर होने की आशंका है। उन्होंने निर्माण स्थल पर खुले गड्ढों और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार, पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन गनीमत रही कि कार सवार की जान बच गई। हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंट थॉमस स्कूल के सामने प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक, स्कूल वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी लोगों के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश के दौरान पेड़ों की जड़ें कमजोर होने से ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के साथ वहां की स्थिति का वीडियो भी बनाया है, ताकि समस्या को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा सके।

जांच कर कार्रवाई की मांग

इंदिरापुरम वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक धीरज शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महापौर सुनीता दयाल और विधायक सुनील शर्मा से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने, खुले गड्ढों को सुरक्षित करने और प्रभावित पेड़ों की स्थिति का आकलन कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ