हरनंदीपुरम परियोजना पर रोक की मांग, UP RERA से पंजीकरण नहीं देने का आग्रह

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। शहर में तेजी से बढ़ते कंक्रीटीकरण और वायु प्रदूषण के बीच प्रस्तावित हरनंदीपुरम परियोजना को लेकर पर्यावरणीय चिंताएं सामने आई हैं। फ्लैट ओनर्स फेडरेशन, गाजियाबाद ने फोरम फॉर पीपल्स कलेक्टिव एफर्ट्स (एफपीसीई) के साथ मिलकर परियोजना का काम तत्काल रोकने और इसे रेरा पंजीकरण नहीं देने की मांग उठाई है। इस संबंध में एफपीसीई के उपाध्यक्ष और फ्लैट ओनर्स फेडरेशन के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने 27 अक्टूबर को यूपी रेरा के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी को पत्र भेजा है।

प्रदूषण को लेकर बढ़ी चिंता

पत्र में गाजियाबाद में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण और तेजी से हो रहे विकास को गंभीर चिंता का विषय बताया गया है। संगठन ने कहा है कि हाल ही में जर्मनी के बर्लिन में 35 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की बैठक में मानवता के सामने अगले 75 वर्षों में संभावित गंभीर संकट को लेकर चेतावनी दी गई थी। विशेषज्ञों ने 17 कारणों की पहचान की थी, जिनमें वायु प्रदूषण भी शामिल है। संगठन के मुताबिक गाजियाबाद देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल है और तेजी से बढ़ती आबादी के जल्द एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।

कृषि भूमि पर कंक्रीट का सवाल

संगठन ने पत्र में गाजियाबाद में पहले हुए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि बापूधाम परियोजना में 1200 एकड़ से अधिक कृषि भूमि पर कंक्रीट संरचनाएं विकसित की गई हैं। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया कि जीडीए ने हाल के समय में विकास के नाम पर करीब 5000 पेड़ काटे हैं। अब हरनंदीपुरम परियोजना के जरिए 1300 एकड़ से अधिक कृषि भूमि के कंक्रीट में तब्दील होने की आशंका जताई गई है। फेडरेशन ने सवाल उठाया कि लगातार हरित क्षेत्र और कृषि भूमि घटने के बाद भविष्य की पीढ़ियों के लिए पर्यावरण किस स्थिति में बचेगा।

परियोजना स्थगित करने का आग्रह

फेडरेशन ने यूपी रेरा के चेयरमैन से हरनंदीपुरम परियोजना को रेरा पंजीकरण नहीं देने का अनुरोध किया है। साथ ही मांग की गई है कि जब तक गाजियाबाद में वायु प्रदूषण नियंत्रण में नहीं आता, तब तक ऐसे विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ाया जाए जिनमें पेड़ों की कटाई या हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचने की जरूरत हो। पत्र में जीडीए को हरनंदीपुरम योजना को फिलहाल स्थगित करने के निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया गया है। पत्र की प्रति जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर लाल को भी भेजी गई है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ