सीएम की पदयात्रा से पहले राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों का मुद्दा गरमाया, हम-तुम रोड आने का भी आग्रह

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 5 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा से पहले क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है। मुख्यमंत्री के आगमन को क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के अवसर के रूप में देखते हुए स्थानीय निवासियों ने उनसे सड़कों की स्थिति का संज्ञान लेने की अपील की है। हम-तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अपनी पदयात्रा के दौरान हम-तुम रोड पर भी आने का आग्रह किया है, वहीं ऑफिसर सिटी वन समेत राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों ने पूरे क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।

हम-तुम रोड पर आने का आग्रह

हम-तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मंजीत चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि वह राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित पदयात्रा के दौरान एक बार हम-तुम रोड पर भी पहुंचें। उनका कहना है कि इस सड़क के निर्माण की उम्मीद में क्षेत्र के हजारों परिवार लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। सड़क का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा विधायक के पिता की मूर्ति के अनावरण के अवसर पर किया गया था, लेकिन इसके बाद जीडीए ने संबंधित टेंडर निरस्त कर दिया। नतीजतन सड़क का निर्माण आगे नहीं बढ़ सका। आज यहां जगह-जगह गहरे गड्ढे, जलभराव और अव्यवस्थित यातायात के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सालों से बदहाल हैं सड़कें

रेजिडेंट्स का कहना है कि हम-तुम रोड की समस्या सिर्फ एक सड़क तक सीमित नहीं है। आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवार भी बेहतर आवागमन और बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह मौके पर पहुंचकर स्थिति देखें और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दें। एसोसिएशन से जुड़े अनिल शर्मा, ललित शर्मा, एमएल शर्मा, संजय अग्रवाल, अजय वालिया, सतेंद्र सिंह, रक्षित, रीता, शीतल राणा, मन्नू चौहान, संदीप चौहान, सतीश ठाकुर, दीपक त्यागी, प्रशांत त्यागी, जेएस बहदाना, उत्सव चौधरी, वीरमणि, अमित मिश्रा, श्वेता रोहिल्ला, विजय वर्मा, धर्मेंद्र और विपिन तोमर समेत अनेक निवासियों ने इस मांग का समर्थन किया है।

पूरे एक्सटेंशन की सड़कें बनें

वहीं, ऑफिसर सिटी वन के दीपक गर्ग ने भी राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों की बदहाली को लेकर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले सात से आठ वर्षों में क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों का समुचित निर्माण और रखरखाव नहीं हुआ है। अधिकांश प्रमुख मार्गों पर गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे राजनगर एक्सटेंशन की प्रमुख सड़कों का सर्वे कराया जाए और उनके पुनर्निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय हो और जीडीए के संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए।

एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील

दीपक गर्ग समेत क्षेत्र की सभी सोसायटियों के निवासियों से 5 नवंबर को एकजुट होकर अपनी मांग रखने की अपील की है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत रिवर हाइट से केडब्ल्यू दिल्ली-6 तक पदयात्रा और रैली निकाली जानी है। निवासियों का कहना है कि यह किसी एक सोसायटी की समस्या नहीं, बल्कि पूरे राजनगर एक्सटेंशन से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए सभी को राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए आवाज उठानी चाहिए। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री इस दौरान सड़क संबंधी समस्याओं का संज्ञान लेकर जीडीए को ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दें, ताकि क्षेत्र के लोगों को गड्ढों और बदहाल रास्तों से स्थायी राहत मिल सके।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ