ग्रेटर नोएडा वेस्ट। आलीशान विला खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने वाले परिवारों को बुनियादी सुविधा के नाम पर बदहाल सड़कें मिली हैं। सेक्टर-16बी और चिपियाना बुजुर्ग की सोसायटियों में रहने वाले 5000 से अधिक परिवार लंबे समय से गड्ढों, कीचड़ और जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। विरोध प्रदर्शनों और बच्चों की प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से भावुक अपील के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। सड़क निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाए जाने से निवासियों का गुस्सा और भड़क गया है।
रोजमर्रा का सफर बना मुसीबत
किंग्सन ग्रीन विला, ग्रीन रेजिडेंसी, आलयम विला, जीआर गार्डन और नॉवेल वैली के आसपास करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे और उनमें भरा पानी लोगों की आवाजाही में बाधा बना हुआ है। बच्चों को स्कूल पहुंचाना हो या बुजुर्गों को घर से बाहर निकलना, हर किसी को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल है। निवासियों को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को रास्ता कैसे मिलेगा।
सांसद-विधायक से मिला सिर्फ लॉलीपॉप
सड़क निर्माण को लेकर निवासी कई बार बिल्डर, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी समस्या रख चुके हैं। ग्रीन रेजिडेंसी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कपिल चौधरी के मुताबिक, सांसद डॉ. महेश शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर के साथ भी इस मुद्दे पर बैठकें हो चुकी हैं। हर बार सड़क बनवाने का भरोसा मिला, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हुआ। निवासियों का कहना है कि पांच हजार से अधिक परिवारों की समस्या के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
अब आरपार के मूड में निवासी
रविवार को बच्चों की गुहार और लोगों के विरोध के बाद भी समस्या जस की तस रहने से निवासियों में नाराजगी है। उनकी मांग है कि करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण आरसीसी या इंटरलॉकिंग तकनीक से कराया जाए। लोगों ने स्पष्ट किया है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। आगामी चुनाव में 'सड़क नहीं तो वोट नहीं' के नारे के साथ मतदान बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी गई है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें