फोन मांगा, बैग उड़ाया, खाता भी खाली कर दिया... यक्ष ऐप ने खोली लुटेरों की पोल, गिरफ्तार

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक में मदद मांगने के बहाने ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पहले एक युवक से फोन मांगा, फिर उसका बैग लेकर फरार हो गए और खाते से भी रकम निकाल ली। सीसीटीवी और यक्ष ऐप की मदद से पुलिस ने 20 नवंबर की रात तिगरी गोल चक्कर से दोनों को दबोच लिया।

पेट्रोल पंप पर दिया झांसा 

12 नवंबर को अलीगढ़ निवासी सौरभ कुमार क्रॉसिंग रिपब्लिक के एचपी पेट्रोल पंप पर खड़े थे, तभी दो युवक उनके पास आए और एक कॉल करने का बहाना बनाकर उनसे मोबाइल मांग लिया। सौरभ ने मदद के इरादे से फोन दे दिया, इसी दौरान आरोपियों ने ध्यान भटकाकर उनका बैग उठा लिया और फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, एटीएम कार्ड और 40 हजार रुपये नकद थे। मामला सिर्फ बैग तक नहीं रुका, आरोपियों ने किसी तरह पीड़ित का यूपीआई पिन भी जान लिया और उसके खाते से रकम निकाल ली। शिकायत मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों ठग साफ नजर आ गए।

यक्ष ऐप से खुला राज

सीसीटीवी फुटेज के बाद यक्ष ऐप से मिली लोकेशन और जानकारी ने पुलिस को सीधे आरोपियों तक पहुंचा दिया। इसके बाद 20 नवंबर की रात तिगरी गोल चक्कर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हापुड़ देहात के गिरधारी नगर निवासी रविन्द्र उर्फ बौना और लक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक जब्त की है।

मजबूरी का नाटक था धंधा

इस मामले में एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने ठगी का असली तरीका कबूला है। दोनों पेट्रोल पंप और जनसेवा केंद्र पर लोगों के पास जाकर झूठी मजबूरी की कहानी सुनाते थे। कहते थे कि उन्हें कैश की सख्त जरूरत है, आप यूपीआई से हमारे खाते में पैसे ट्रांसफर कर दो, हम आपको तुरंत नकदी दे देंगे। लोग भरोसे में आकर उनके बताए नंबर पर पैसे ट्रांसफर कर देते थे, लेकिन जैसे ही पैसा उनके खाते में आता, दोनों बिना नकदी दिए मौके से भाग जाते थे। यानी ट्रांसफर के बदले कैश देने का वादा सिर्फ एक झांसा था। एसीपी प्रियाश्री पाल के अनुसार, इस तरीके से दोनों ने अब तक करीब 2 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की है, दोनों के हिस्से में 1 लाख 40-1 लाख 40 हजार रुपये आए। कुछ रकम उन्होंने खर्च कर दी, जबकि 1 लाख 70 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। एसीपी ने बताया कि रविन्द्र उर्फ बौना के खिलाफ पहले से 5 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी लक्की का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" का वॉट्स एप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ