सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों को नहीं लगना होगा लंबी कतारों में, अलग लाइन की व्यवस्था लागू, सीएमओ ने जारी किए निर्देश
गाजियाबाद। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले बुजुर्गों को अब पर्चा बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और दवाइयां लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में अलग पंक्तियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस संबंध में 13 नवंबर को आदेश जारी कर अधीनस्थ अस्पतालों को व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए हैं।
कानून में पहले से है प्रावधान
माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 की धारा 20 में बुजुर्गों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके तहत सरकारी और सरकार से पूर्ण या आंशिक वित्तपोषित अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कतारें बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी है। इसके बावजूद अस्पतालों में इस सुविधा का प्रभावी ढंग से पालन नहीं हो रहा था। इसी समस्या को देखते हुए मानवाधिकार कार्यकर्ता विष्णु कुमार गुप्ता एडवोकेट ने स्वास्थ्य विभाग का ध्यान इस ओर खींचा।
सीएमओ ने जारी किए निर्देश
एडवोकेट विष्णु कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी गाजियाबाद को पत्र भेजकर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कानून के इस प्रावधान को लागू कराने की मांग की थी। उन्होंने पर्चा काउंटर, डॉक्टरों को दिखाने और दवा वितरण केंद्रों पर बुजुर्गों के लिए अलग लाइन बनवाने का अनुरोध किया था। इसके बाद सीएमओ सचिन वैश्य ने 13 नवंबर 2026 को जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों को पत्र जारी कर व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रबंधन को डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और संविदा कर्मचारियों से भी इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
प्रदेश और देश में लागू कराने की पहल
विष्णु कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका प्रयास इस सुविधा को केवल गाजियाबाद तक सीमित रखने का नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में व्यवस्था लागू कराने के लिए प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, लखनऊ को पत्र भेजा है। वहीं, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वरिष्ठ नागरिकों को यह सुविधा दिलाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को भी पत्र प्रेषित किया है। उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर बुजुर्गों को अस्पतालों में अनावश्यक इंतजार और परेशानियों से बचाना जरूरी है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें