गगन एंक्लेव में चुनावी हलचल तेज, कार्यक्रम घोषित होते ही सोसायटी में बढ़ी सरगर्मियां

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। अमृत नगर स्थित गगन एंक्लेव सोसायटी में आरडब्ल्यूए चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। नामित निर्वाचन अधिकारी की ओर से चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद अब सोसायटी में चुनावी गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 29 मार्च को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।

घोषित हुआ चुनाव कार्यक्रम

गगन एंक्लेव सोसायटी के 16 मेंबरों के चुनाव के लिए पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम के अनुसार 13 मार्च को अनंतिम वोटर लिस्ट जारी की जा चुकी है। इसके बाद आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 19 मार्च दोपहर 12 बजे तक तय की गई है। वहीं अंतिम वोटर लिस्ट 20 मार्च को शाम 5 बजे सोसायटी में प्रकाशित की जाएगी।

नामांकन और प्रक्रिया तय

अंतिम वोटर लिस्ट जारी होने के बाद 20 मार्च को शाम 5:30 बजे से नामांकन पत्रों का वितरण शुरू होगा। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 21 मार्च शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि 22 मार्च को दोपहर 12 बजे तक नामांकन वापसी का समय रखा गया है। उसी दिन शाम 5 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।

29 मार्च को मतदान

मतदान 29 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जिसके बाद शाम 4:15 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन अंतिम परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया सोसायटी के कम्युनिटी हॉल में कराई जाएगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।

उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ी

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही गगन एंक्लेव में संभावित प्रत्याशी भी सक्रिय हो गए हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक सदस्य अब पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रहे हैं। सोसायटी में बैठकों और संपर्क का दौर शुरू हो गया है और संभावित उम्मीदवार सदस्य वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ