गाजियाबाद: छुट्टी के विवाद में बैंक मैनेजर की हत्या, गार्ड ने दफ्तर में मारी गोली, बंदूक समेत पैदल हुआ फरार

इसी ब्रांच में हुई वारदात
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में सोमवार को पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बैंक के गार्ड ने ही मैनेजर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी गार्ड बंदूक लेकर अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

केबिन के अंदर मारी गोली

लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा में दोपहर करीब पौने दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज से अफरातफरी मच गई। बैंक स्टाफ और ग्राहकों ने जब मैनेजर अभिषेक (36) के केबिन की ओर दौड़ लगाई तो वह लहूलुहान हालत में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि बैंक के गार्ड रवींद्र हुड्डा ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उन्हें गोली मार दी थी। आनन-फानन में स्टाफ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घायल बैंक मैनेजर को अस्पताल ले जाता स्टॉफ 

सीसीटीवी में कैद वारदात

घटना के बाद बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की भागने की तस्वीर भी रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि गोली मारने के बाद गार्ड रवींद्र बंदूक हाथ में लेकर अपने एक साथी के साथ बैंक से आराम से बाहर निकलता है और पैदल ही वहां से फरार हो जाता है। कुछ ही क्षण बाद बैंक कर्मचारी घायल मैनेजर को उठाकर बाहर लाते दिखाई देते हैं।

छुट्टी को लेकर विवाद

पुलिस के मुताबिक आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा बागपत का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच पिछले कुछ समय से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर गार्ड ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गोली मारने के बाद इत्मीनान से जाता आरोपी गार्ड

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ